बक्सर में फुटपाथी दुकानदारों को मिलेंगी प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें, शहर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने की कवायद तेज
नगर परिषद में मॉडल के रूप में रखी गई प्री-फैब्रिकेटेड दुकान | Prabhat Khabar Network
Buxar News : बक्सर नगर परिषद शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए एक नई पहल कर रही है. फुटपाथी दुकानदारों को अब प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें मिलेंगी, जिनमें काउंटर, पंखे और चिमनी जैसी सुविधाएं होंगी. यह योजना ज्योति प्रकाश चौक और स्टेशन रोड से शुरू होगी.
Buxar News : नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद ने पहल शुरू की है. इसके तहत सड़क किनारे दुकान लगाने वाले फुटपाथी दुकानदारों को व्यवस्थित करने के लिए प्री-फैब्रिकेटेड दुकानों का आवंटन किया जाएगा. इसे लेकर नगर क्षेत्र में सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है. सर्वे के बाद संबंधित क्षेत्रों में पात्र दुकानदारों को निर्धारित स्थल पर दुकान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू होगी.
काउंटर, पंखे और चिमनी से सुसज्जित होंगी दुकानें
नगर परिषद की ओर से तैयार कराई जा रही प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें आकर्षक और सुविधायुक्त होंगी. इनमें काउंटर के साथ विद्युत वायरिंग, पंखा और चिमनी जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. नगर परिषद ने एक पूरी तरह तैयार दुकान का मॉडल भी मंगा लिया है, ताकि उसी के आधार पर दुकानों को तैयार कर स्थापित किया जा सके.
ज्योति प्रकाश चौक से शुरू होगी पहल
इस योजना की शुरुआत सबसे पहले ज्योति प्रकाश चौक और स्टेशन रोड से की जाएगी. इसके अलावा बाइपास रोड, सिंडिकेट, गोलंबर, मठिया मोड़ समेत अन्य स्थानों पर भी सर्वे का काम कराया जा रहा है. नगर परिषद का उद्देश्य फुटपाथी दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के साथ-साथ सड़कों और फुटपाथों पर होने वाले अतिक्रमण को नियंत्रित करना है.
एक जगह एक तरह की दुकानों को किया जाएगा व्यवस्थित
नगर परिषद की योजना के तहत बड़े शहरों की तर्ज पर एक जैसी प्री-फैब्रिकेटेड दुकानों का आवंटन किया जाएगा. इससे छोटे दुकानदारों और बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने के साथ नगर परिषद के राजस्व में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. योजना के तहत एक स्थान पर एक ही प्रकार के सामान की दुकानों को व्यवस्थित करने की व्यवस्था की जाएगी.
10 गुणा 8 फीट की होंगी दुकानें
नगर परिषद की ओर से बेरोजगारों और फुटपाथी दुकानदारों को 10 गुणा 8 फीट की प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी. दुकानों के लिए सड़क की लंबाई-चौड़ाई और संबंधित स्थलों का सर्वे नगर प्रबंधक नीरज झा तथा सहायक रोहित कुमार को सौंपा गया है. सर्वे का काम तेजी से चल रहा है. इसके बाद दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
Also Read : बक्सर: सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
चयनित क्षेत्रों में मार्केट का होगा नामकरण
चयनित क्षेत्रों में दुकानों के आवंटन के बाद संबंधित मार्केट का नामकरण भी किया जाएगा. पूरे क्षेत्र को आधुनिक स्ट्रीट लाइट समेत अन्य सुविधाओं से सजाया जाएगा. स्थल की उपलब्धता और स्थिति के अनुसार दुकानों की चौड़ाई में बदलाव किया जा सकता है. सर्वे पूरा होने के बाद इसकी स्थिति स्पष्ट होगी. दुकानों के आसपास डस्टबिन की व्यवस्था भी की जाएगी और कचरे का नियमित उठाव कराया जाएगा.
Also Read : बक्सर के किला मैदान में गूंजा सनातन का संदेश, हजारों लोगों ने लिया गौरव सम्मेलन में हिस्सा
कहते हैं कार्यपालक पदाधिकारी
नगर को स्वच्छ बनाने के साथ ही सुंदर और आकर्षक रूप देने के लिए यह पहल की जा रही है. दुकान का डिजाइन और इसकी व्यवस्था काफी अच्छी बनाई गई है. काउंटर के साथ दुकान में पंखा और चिमनी की सुविधा भी दी गई है. इसकी लाइफ भी वर्षों तक रहेगी. इससे फुटपाथी दुकानदारों को स्थायी जगह मिलेगी और शहर को अतिक्रमण से मुक्त कराने में भी मदद मिलेगी.
कुमार ऋत्विक, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर
Also Read : बक्सर: सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए