बक्सर सदर अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, नियुक्ति के लिए विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र
बक्सर सदर अस्पताल की तस्वीर
Buxar News: बक्सर सदर अस्पताल में पिछले दो वर्षों से नेत्र और ईएनटी विशेषज्ञों की कमी के कारण मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. विधायक आनंद मिश्रा ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर तत्काल नियुक्ति की मांग की है. विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपलब्धता से गरीब मरीजों को इलाज के लिए बाहर जाने को मजबूर होना पड़ रहा है.
Buxar News:(आशुतोष कुमार सिंह) बक्सर जिले के सदर अस्पताल में नेत्र रोग (आई स्पेशलिस्ट) एवं ईएनटी (कान-नाक-गला) विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद पिछले लगभग दो वर्षों से रिक्त हैं. इसके कारण प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र
बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने इस गंभीर समस्या को लेकर बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर अविलंब कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करने की अपील की है.
मरीजों को बाहर जाना पड़ रहा
विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में मरीजों को निजी क्लीनिकों में महंगा इलाज कराने या पटना एवं अन्य शहरों का रुख करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. इसका सबसे अधिक असर गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग पर पड़ रहा है.
दिव्यांगजनों को भी हो रही परेशानी
नेत्र एवं श्रवण संबंधित दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इसके चलते वे विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं.
अस्थायी व्यवस्था की भी मांग
विधायक ने अपने पत्र में यह भी आग्रह किया है कि स्थायी नियुक्ति होने तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति की व्यवस्था की जाए, ताकि मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.
जनहित में त्वरित कार्रवाई की मांग
उन्होंने कहा कि बक्सर जैसे महत्वपूर्ण जिले में इस तरह की स्थिति का लंबे समय तक बने रहना चिंताजनक है. स्थानीय लोगों द्वारा लगातार इस संबंध में शिकायतें मिल रही हैं, ऐसे में जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कार्रवाई आवश्यक है.
Also Read:सासाराम में राजद ने उठाया पेपर लीक से लेकर महंगाई तक का मुद्दा, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए