डुमरांव नहर मार्ग लूटकांड का खुलासा, हथियार के साथ दो बदमाश गिरफ्तार
Published by : Suryakant Kumar Updated At : 22 May 2026 8:11 PM
प्रेसवार्ता में जानकारी देते एसडीपीओ पोलस्त कुमार
Buxar News: डुमरांव के मुरार थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूटपाट की कोशिश मामले का पुलिस ने छह दिनों के भीतर खुलासा कर दो कुख्यात अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और मोबाइल बरामद हुआ है. पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.
Buxar News(सुजीत कुमार ओझा): मुरार थाना क्षेत्र में डुमरांव राजवाहा नहर मार्ग पर दिनदहाड़े हुई लूटपाट की कोशिश मामले का पुलिस ने महज छह दिनों के भीतर खुलासा कर दिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. शुक्रवार को मुरार थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव निवासी सुमित कुमार और पिरो थाना क्षेत्र के सनेही टोला निवासी सुबोध कुमार के रूप में हुई है.
बंदूक के बल पर लूटपाट का प्रयास
दोनों लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं. एसडीपीओ ने बताया कि कुछ दिन पूर्व आमसारी गांव के पास डुमरांव राजवाहा नहर मार्ग पर बाइक सवार युवक गोलू कुमार से कट्टा के बल पर लूटपाट का प्रयास किया गया था. विरोध करने पर अपराधियों ने युवक के साथ मारपीट भी की थी. हालांकि घटना के दौरान ग्रामीणों और डायल-112 पुलिस वाहन के पहुंचने पर बदमाश मौके से फरार हो गए थे.
तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के जरिए पकड़े गए आरोपी
भागने के क्रम में अपराधियों का एक मोबाइल घटनास्थल पर गिर गया था, जो जांच में अहम सुराग साबित हुआ. घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के जरिए आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की. इसी दौरान वाहन चेकिंग अभियान में दोनों बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए. तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा और मोबाइल बरामद किया गया.
आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी पुलिस
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपी कुख्यात प्रवृत्ति के हैं और अंतरराज्यीय अपराध गिरोह से जुड़े हुए हैं. सुमित कुमार के खिलाफ रोहतास जिले के कछवा थाना में एक, काराकाट थाना में दो और भोजपुर जिले के तरारी थाना में लूट का मामला दर्ज है. वहीं सुबोध कुमार पर पिरो थाना क्षेत्र में हत्या के दो संगीन मामले दर्ज बताए गए हैं. एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि दोनों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता है. पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी है.
गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है. प्रेस वार्ता के दौरान डुमरांव सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे
Also Read: सब्जी कारोबारी का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










