बक्सर में चोरों का डबल वार: एक ही रात रिटायर्ड दारोगा और पूर्व सैनिक के घरों में चोरी, लाखों की संपत्ति उड़ाई

Author Vikas Jha
Updated:
विज्ञापन

चोरों ने लगाया लाखों का चूना।

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Buxar News: बक्सर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मलहचकिया मोहल्ले में सोमवार रात चोरों ने दो घरों को अपना निशाना बनाया. चोरों ने एक सेवानिवृत्त सहायक अवर निरीक्षक और एक पूर्व सैनिक के बंद घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी उड़ा ली.

विज्ञापन

Buxar News (विनोद कुमार सिंह): बक्सर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मलहचकिया मोहल्ला के वार्ड संख्या-2 में सोमवार रात चोरों ने दो अलग-अलग घरों को अपना निशाना बनाया है. चोरी की पहली बड़ी वारदात सेवानिवृत्त सहायक अवर निरीक्षक (ASI) राधेश्याम प्रसाद के घर पर हुई. भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य मुख्य गेट को अच्छी तरह बंद कर छत पर सो रहे थे.

विज्ञापन

लोहे की खिड़की उखाड़कर घुसे चोर

इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के पीछे की लोहे की खिड़की को उखाड़कर चुपके से अंदर घुस गए. चोरों ने कमरे में रखे ड्रेसिंग टेबल के दराज से 15 हजार रुपये नकद और करीब 35 हजार रुपये मूल्य की एक जोड़ी चांदी की पायल चुरा ली. रात करीब डेढ़ बजे अचानक आहट होने पर जब परिवार के सदस्य नीचे आए, तो चोर भाग निकले. राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि साल 2007 में भी उनके घर चोरी हो चुकी है.

पूर्व सैनिक के घर बड़ी चोरी

हाल ही में बेटी की शादी में अधिकांश जेवरात दे दिए गए थे, जिससे इस बार बड़ा नुकसान होने से टल गया. वहीं दूसरी वारदात पूर्व सैनिक रमैया चौधरी के घर पर हुई. उनके पुत्र जितेंद्र चौधरी के अनुसार, उनके पिता पटना के एक निजी अस्पताल में पिछले तीन दिनों से आईसीयू (ICU) में गंभीर हालत में भर्ती हैं. पूरा परिवार उनकी देखभाल के लिए पटना में था और बक्सर स्थित घर पूरी तरह बंद था.

अलमारी का ताला तोड़कर जेवरात गायब

इसी सूनेपन का नाजायज फायदा उठाकर चोर खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर लगभग 10 से 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के कीमती जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए. सुबह पड़ोसियों ने घर का टूटा हुआ ताला और अंदर बिखरा सामान देखकर पीड़ित परिवार को फोन पर सूचना दी. सूचना मिलते ही जितेंद्र पटना से तुरंत बक्सर पहुंचे और मुफ्फसिल थाना पुलिस को इसकी लिखित जानकारी दी.

पुलिस मामले की जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच में जुट गई है. एक ही रात में दो प्रतिष्ठित घरों में हुई इस बड़ी चोरी से पूरे मोहल्ले में भारी दहशत व्याप्त है और स्थानीय लोगों में पुलिस गश्ती को लेकर काफी नाराजगी है. स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है.

Also Read: बक्सर सदर अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, नियुक्ति के लिए विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन