बक्सर के केसठ में आकाशीय बिजली गिरने से कई ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त, ईंट-भट्ठे की चिमनी में आई दरार
क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर
केसठ में झमाझम बारिश के दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरी, जिससे ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए और विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
प्रखंड क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश के दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं. राहत की बात यह रही कि किसी भी स्थान पर जान-माल की क्षति नहीं हुई. हालांकि बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर और एक ईंट-भट्ठे की चिमनी को नुकसान पहुंचा है.
महादेवगंज और कतिकनार में ट्रांसफार्मर हुए क्षतिग्रस्त
बिजली विभाग के कनीय अभियंता अवनीश कुमार ने बताया कि महादेवगंज, कतिकनार समेत अन्य गांवों में ट्रांसफार्मरों पर आकाशीय बिजली गिरने से वे क्षतिग्रस्त हो गए. इससे संबंधित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई है. विभाग की मिस्त्री टीम मरम्मत कार्य में जुटी हुई है और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है.
ईंट-भट्ठे की चिमनी में आई दरार
बैजनाथपुर डेरा स्थित जय चिमनी ईंट-भट्ठे पर भी आकाशीय बिजली गिरने से चिमनी में दरार पड़ गई. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि चिमनी संचालक मनु तिवारी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है.
बिजली गिरने से इलाके में फैली दहशत
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने से कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. हालांकि समय रहते लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










