घायल युवतियां तड़पती रहीं, लोग मदद करने के बजाय बनाते रहे वीडियो, आखिर में…

हॉस्पिटल में घायलों का चल रहा इलाज
Buxar News: बक्सर से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक तस्वीर सामने आई. जब जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बक्सर-इटाढ़ी मेन रोड पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. जिसमें ऑटो में सवार यात्री घायल हो गए. लेकिन अधिकतर लोग मदद करने के बजाय काफी देर तक वीडिओ बनाते रहे. हालांकि, एक व्यक्ति ने मदद करते हुए दोनों को हॉस्पिटल पहुंचाया. जहां एक लड़की की इलाज के दौरान मौत हो गई.
Buxar News: (मनीष मिश्रा की रिपोर्ट) बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बक्सर-इटाढ़ी मेन रोड पर हुकहां गांव के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक ऑटो को ओवरटेक करने के दौरान पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा पलटा. हादसे में ऑटो सवार कई यात्री घायल हो गए, जिनमें दो युवतियों की हालत गंभीर बताई गई. इलाज के दौरान एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.
यात्रियों के बीच मची चीख-पुकार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो बक्सर से सैसड गांव की ओर जा रहा था. ऑटो में सवार ज्यादातर यात्री सैसड गांव के निवासी थे इसी दौरान हुकहां के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो गड्ढे में जा गिरा और यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई.
लोग मदद के बजाय बनाते रहे वीडिओ
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर यह रही कि अधिकांश लोग घायल यात्रियों की मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में लगे रहे. सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ी दो युवतियां काफी देर तक तड़पती रहीं, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया.
आखिर एक व्यक्ति ने की मदद की पहल
इसी दौरान रोटी बैंक के अध्यक्ष रासबिहारी ओझा अपनी पत्नी के साथ इठाड़ी गांव से लौट रहे थे. उन्होंने सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ी दोनों युवतियों को देखा और लोगों से मदद की अपील की, लेकिन जब कोई आगे नहीं आया तो उन्होंने खुद पहल करते हुए एक गुजरते ऑटो को रुकवाकर कुछ लोगों की मदद से दोनों घायलों को उसमें बैठाया और अपनी पत्नी के साथ सदर अस्पताल पहुंचाया. इस नेक कार्य में परीक्षा देकर लौट रहे एक युवक ने भी उनका सहयोग किया.
इलाज के दौरान एक युवती की मौत
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिमा कुमारी (21 वर्ष), पिता— बजरंगी पाठक, निवासी सईसड़, थाना दिनारा की मौत हो गई. वहीं दूसरी गंभीर रूप से घायल जया कुमारी, पिता— प्रमोद साह, निवासी सईसड़, थाना दिनारा, जिला रोहतास को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
अन्य घायलों का सदर अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल अन्य लोगों में मीना देवी (55 वर्ष), पति— कन्हैया पाठक (हाथ में चोट), कन्हैया पाठक (60 वर्ष) (सिर में गंभीर चोट), सोनम कुमारी (14 वर्ष), पिता— गुडू राम (हाथ में चोट), गुडू राम (36 वर्ष), पिता— नत्था राम (सिर में चोट), शिवानी कुमारी (10 वर्ष), पिता— गुडू राम (सिर में चोट) इन सभी का इलाज बक्सर सदर अस्पताल में चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की गुमटी चौकी के प्रभारी गुड्डू चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अन्य घायलों को अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है. वहीं घटना के सूचना मिलते हैं सीडीपीओ गौरव पांडे मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है.
Also Read: औरंगाबाद में सिक्योरिटी गार्ड की दोनाली से मिसफायर, रिकवरी एजेंट को लगी गोली, मौके पर मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










