बक्सर: धनसोई बाजार के कारोबारियों की समस्याएं सुनने पहुंचे विधायक, बिजली और सड़क निर्माण का उठा मुद्दा
बैठक में शामिल राजपुर विधायक | Prabhat Khabar Network
धनसोई बाजार के व्यवसायियों ने विधायक संतोष कुमार निराला से बिजली और अतिक्रमण की समस्याओं को लेकर मुलाकात की। विधायक ने अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
Buxar News : स्थानीय बाजार के व्यवसायियों ने सोमवार को पूर्व मंत्री सह राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला के साथ बैठक कर अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया. व्यवसायियों ने खास तौर पर बिजली की बदहाल व्यवस्था और सरकारी रास्ते पर पीसीसी निर्माण में बाधा का मुद्दा उठाते हुए समाधान की मांग की.
जर्जर तार और क्षतिग्रस्त पोल से परेशान हैं कारोबारी. व्यवसायियों ने बताया कि धनसोई बाजार में विद्युत पोल पर लगे तार काफी जर्जर हो चुके हैं. अधिकांश पोल पर बॉक्स भी नहीं लगाए गए हैं. तार टूटने या अन्य तकनीकी खराबी होने पर समय पर विद्युत मिस्त्री के नहीं पहुंचने से व्यवसायियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. व्यवसायी राजकुमार साह ने बताया कि उनकी दुकान के समीप स्थित विद्युत पोल भी लंबे समय से क्षतिग्रस्त है.
मंदिर जाने वाले सरकारी रास्ते पर पीसीसी निर्माण रोकने का आरोप. भाजपा मंडल अध्यक्ष लखन मल्होत्रा ने बताया कि मां काली और शिव मंदिर जाने वाले सरकारी रास्ते पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जे की नीयत से पीसीसी निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है. उन्होंने विधायक से सरकारी रास्ते पर पीसीसी निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की.
विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारी को दिया निर्देश. व्यवसायियों की शिकायत सुनने के बाद पूर्व मंत्री सह विधायक संतोष कुमार निराला ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता से फोन पर बात की. उन्होंने धनसोई बाजार और जलालपुर के व्यवसायियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. विधायक ने स्पष्ट कहा कि बिजली व्यवस्था के कारण व्यवसायियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. सहायक अभियंता ने बताया कि धनसोई के लिए एक विद्युत मिस्त्री की तैनाती कर दी गई है, जिससे बिजली संबंधी शिकायतों का समय पर समाधान किया जा सकेगा.
सरकारी रास्ते पर निर्माण में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई का निर्देश. पीसीसी निर्माण में बाधा की शिकायत पर विधायक ने राजपुर अंचलाधिकारी से दूरभाष पर बात की. उन्होंने सरकारी रास्ते पर निर्माण कार्य में बाधा डालने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई करने और अपनी मौजूदगी में पीसीसी निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया.
बैठक में बड़ी संख्या में व्यवसायी और स्थानीय लोग रहे मौजूद. मौके पर कपड़ा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष उपेंद्र कुमार, सत्येंद्र साह, रविरंजन, अशोक कुमार, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुमन प्रसाद, सुरेंद्र नेता, पूर्व मुखिया दीपनारायण प्रसाद, भाजयुमो के अरविंद पासवान, गंगासागर चौधरी सहित सैकड़ों व्यवसायी और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










