बक्सर: श्रावणी मेले के लिए ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर हाई अलर्ट पर, DM-SP ने संभाली कमान, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Updated:
विज्ञापन
श्रावणी मेला को लेकर बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर ब्रह्मपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीएम व एसपी ने लिया जायजा

श्रावणी मेला को लेकर ब्रह्मपुर के बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डीएम और एसपी ने तैयारियों का जायजा लिया।

विज्ञापन

Buxar News : श्रावणी मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए बक्सर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर, ब्रह्मपुर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है. गुरुवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने मंदिर परिसर का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और कंट्रोल रूम

श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग एवं ड्रॉप गेट लगाए गए हैं. पूरे मेले की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी स्टैंडबाय मोड में तैनात रहेगी.

सादी वर्दी में पुलिस और QRT रहेगी तैनात

मंदिर परिसर और संवेदनशील स्थानों पर पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की सादी वर्दी में तैनाती की गई है. क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी हर समय अलर्ट रहेगी. सुरक्षा जांच को प्रभावी बनाने के लिए पुलिसकर्मियों को हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर उपलब्ध कराए गए हैं.

स्वयंसेवकों के सहयोग से होगा बेहतर प्रबंधन

प्रशासन ने अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव को मंदिर प्रबंध समिति, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर भीड़ प्रबंधन को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया है.

बिजली, सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस

नगर पंचायत को साफ-सफाई, अस्थायी शौचालय और महिला चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और ढीले बिजली तारों की मरम्मत का निर्देश दिया गया है. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ब्रह्मपुर में मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, ऑक्सीजन, जीवनरक्षक दवाएं और एंटी-स्नेक वेनम के साथ 24 घंटे आपातकालीन व्यवस्था रखी गई है.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

डीएम और एसपी ने स्पष्ट किया कि श्रावण मास के प्रत्येक रविवार, सोमवार तथा 11 अगस्त को शिवरात्रि के अवसर पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी. सभी अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन की सुविधा मिल सके.


विज्ञापन
Santosh Kant

लेखक के बारे में

By Santosh Kant

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन