सदर अंचल व प्रखंड में आयोजित जनता दरबार में सुबह से उमड़ी फरियादियों की भीड़

Updated:
विज्ञापन
सदर अंचल व प्रखंड में आयोजित जनता दरबार में सुबह से उमड़ी फरियादियों की भीड़

सात निश्चय योजना–भाग तीन के अंतर्गत सबका सम्मान, जीवन आसान के उद्देश्य को धरातल पर उतारने के लिए पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक जनता दरबार आयोजित किये जाने का निर्देश दिया गया है.

विज्ञापन

बक्सर. सात निश्चय योजना–भाग तीन के अंतर्गत सबका सम्मान, जीवन आसान के उद्देश्य को धरातल पर उतारने के लिए पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक जनता दरबार आयोजित किये जाने का निर्देश दिया गया है. इसी क्रम में सोमवार को सदर अंचल और सदर प्रखंड कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया, जहां सुबह से ही आम लोगों की भीड़ अपनी समस्याएं लेकर पहुंचती रही. प्रभात खबर की टीम जब सदर प्रखंड व अंचल कार्यालय पहुंची तो देखा गया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी साधु शरण पांडे, सदर अंचलाधिकारी राहुल शंकर तथा राजस्व अधिकारी राजन कुमार स्वयं अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुन रहे थे. जनता दरबार में खासकर भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, लगान रसीद, अतिक्रमण, सीमांकन और सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतें सामने आयीं. फरियादी अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर सुबह से कतार में खड़े नजर आये. अधिकारियों ने एक-एक कर सभी आवेदकों की बातें सुनीं और संबंधित कागजातों की जांच भी की. भूमि से जुड़े मामलों में कई लोगों ने वर्षों से लंबित समस्याओं का जिक्र किया और त्वरित समाधान की मांग की.सदर अंचलाधिकारी राहुल शंकर ने बताया कि जनता दरबार के दौरान भूमि संबंधी कुल बीस आवेदन प्राप्त हुए हैं. सभी आवेदनों को संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को अग्रसारित कर दिया गया है.साथ ही स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि दो से तीन दिनों के भीतर सभी मामलों का निष्पादन कर आवेदकों को इसकी सूचना उपलब्ध करायी जाये. उन्होंने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम जनता को कार्यालयों के चक्कर काटने से राहत देना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है. प्रखंड विकास पदाधिकारी साधु शरण पांडे ने बताया कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों की समस्याएं उनके नजदीक ही सुनी जाएं और समयबद्ध तरीके से उनका समाधान हो. इसी दिशा में जनता दरबार एक प्रभावी माध्यम बन रहा है. उन्होंने कहा कि जिन मामलों में अन्य विभागों का सहयोग आवश्यक होगा, उन्हें भी प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजा जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Amlesh Prasad

लेखक के बारे में

By Amlesh Prasad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन