जाम से निजात के लिए बना मास्टर प्लान

Updated at : 20 Aug 2017 8:07 AM (IST)
विज्ञापन
जाम से निजात के लिए बना मास्टर प्लान

पहल. शहर के 17 स्थलों को किया गया चिह्नित, अतिक्रमणकारियों पर होगी कार्रवाई शहर के बाहर ही रोक दिये जायेंगे बड़े वाहन यातायात नियमों का पालन नहीं करना पड़ेगा महंगा बक्सर : बक्सर को जाम से निजात दिलाने के लिए मास्टर प्लान बना लिया गया है. इस मास्टर प्लान को लागू होने के बाद शहर […]

विज्ञापन

पहल. शहर के 17 स्थलों को किया गया चिह्नित, अतिक्रमणकारियों पर होगी कार्रवाई

शहर के बाहर ही रोक दिये जायेंगे बड़े वाहन
यातायात नियमों का पालन नहीं करना पड़ेगा महंगा
बक्सर : बक्सर को जाम से निजात दिलाने के लिए मास्टर प्लान बना लिया गया है. इस मास्टर प्लान को लागू होने के बाद शहर के लोगों को जाम से काफी हद तक छुटकारा मिलेगा. जाम की समस्या बक्सर के लिए एक बड़ी परेशानी बनती जा रही थी, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से यह प्लान तैयार किया है. अब यातायात नियमों का पालन नहीं करना भी वाहनचालकों को महंगा पड़ेगा. तीन बार यातायात नियमों को तोड़ने में पकड़े जाने पर चालक का लाइसेंस रद्द करने के लिए लिखा जायेगा.
जाम के लिए शहर में 17 स्थल हुए चिह्नित : जाम के झाम से परेशान शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए 17 स्थलों को चिह्नित किया गया है, जहां ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात रहेंगे. इसके लिए ट्रैफिक रूट को भी दुरुस्त किया जायेगा. जाम लगने की स्थिति में संबंधित थाना प्रभारी भी उस क्षेत्र में जाम हटाने में ट्रैफिक जवानों का सहयोग करेंगे, जिससे कि जाम बहुत व्यापक तौर पर नहीं हो. इसके साथ ही दुकान के बाहर सामान रखनेवाले दुकानदार का सामान भी जब्त किया जायेगा. प्रशासन इसको लेकर पहले आगाह करेगा, इसके बावजूद नहीं हटाने पर जब्ती की कार्रवाई की जायेगी.
इन स्थलों पर लगता है प्रतिदिन जाम
शहर के 17 स्थल जाम के लिए चिह्नित किये गये हैं, जहां प्रतिदिन लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है. इनमें स्टेशन रोड, आंबेडकर चौक, ज्योति प्रकाश, सिंडिकेट, बाइपास, गोलंबर, पीपी रोड, रामरेखा घाट सहित 17 स्थल हैं, जहां प्रतिदिन जाम लगता है.
नो इंट्री का सख्ती से होगा पालन
नो एंट्री का सख्ती से पालन किया जायेगा़ इस नियम को तोड़नेवाले वाहनचालकों तथा वाहन को जब्त किया जायेगा़ इसके साथ ही जुर्माना भी लगाया जायेगा. नो इंट्री के दौरान कोई भी वाहन शहर के अंदर प्रवेश नहीं करेंगे. इसके लिए बनाये गये चेक पोस्ट पर ही उन्हें रोक दिया जायेगा. इसके बावजूद नो इंट्री के दौरान शहर में किसी तरह से वाहन प्रवेश कर जाते हैं, तो यातायात में तैनात जवान और अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
शहरवासियों का सहयोग जरूरी
जाम के लिए बनाये गये मास्टर प्लान में शहरवासियों से भी अपील की गयी है कि वे वाहनों को शहर में लगाते वक्त यह ध्यान रखें कि इससे किसी को परेशानी न हो. इसके साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए बात करें. आम लोगों के सहयोग से ही बक्सर शहर में लगनेवाले जाम से निजात पाया जा सकता है.
तैनात रहेंगे जवान
शहरवासियों को जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़े. इसके लिए शहर के सभी इंटर प्वाइंट पर यातायात बल के जवान तैनात रहेंगे, जो भारी वाहनों को शहर में आने से रोकेंगे. इसके साथ ही जिन स्थलों का चयन किया गया है. वहां भी जवानों को तैनात रखा जायेगा, जिससे जाम की समस्या नहीं उत्पन्न हो सके. सड़क किनारे दुकान लगानेवाले लोगों पर भी कड़ी कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल इसके लिए शहर को दो जोन में बांटा गया है.
राकेश कुमार, पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन