ePaper

शिवाजी नगर में युवक का मिला शव, जाम की सड़क

Updated at : 08 Jun 2025 9:07 PM (IST)
विज्ञापन
शिवाजी नगर में युवक का मिला शव, जाम की सड़क

जिले के लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवाजी नगर मोहल्ला में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव उसके ही घर के समीप बरामद किया गया.

विज्ञापन

बिहारशरीफ. जिले के लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवाजी नगर मोहल्ला में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव उसके ही घर के समीप बरामद किया गया. मृतक की पहचान परवलपुर थाना क्षेत्र के निश्चलगंज निवासी विजय कुमार शर्मा के 25 वर्षीय पुत्र दीपू कुमार उर्फ लाला के रूप में हुई है. मृतक पिछले कई वर्षों से हैदराबाद में रहकर एक पेंट कंपनी में कार्य करता था और बीते 20 मई को ही छुट्टियों में अपने घर आया था. घटना के बाद परिवार वालों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया. शव को रामचंद्रपुर स्थित अजंता सिनेमा के समीप सड़क पर रखकर टायर जलाए गए और घंटों आवागमन ठप कर दिया गया. प्रदर्शनकारियों ने मृतक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.

मां ने लगाये कई गंभीर आरोप

मृतक की मां मंजू देवी ने बताया कि शनिवार शाम मोहल्ले के ही कुछ दोस्तों ने दीपू को फोन कर घर से बुलाया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा. परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. रात करीब 10 बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने सूचना दी कि कूड़ा के पास एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा है. परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मंजू देवी का आरोप है कि बेटे को नशा का ओवरडोज देकर हत्या की गई और उसके शव को घर के पास फेंक दिया गया ताकि यह सामान्य मौत लगे. उन्होंने कहा कि बेटे की किसी से दुश्मनी नहीं थी, लेकिन कुछ तथाकथित दोस्त गलत संगत में थे.

पुलिस ने कराया जाम समाप्त, जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बात कर आक्रोशित लोगों को समझाया. थानाध्यक्ष ने परिजनों को उचित जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए और जाम हटाया गया. थानाध्यक्ष ने कहा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है. दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा.

परिजनों को न्याय की है दरकार :

दीपू की मौत से परिवार में कोहराम मचा है. उसकी मां, पिता और छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है. इलाके में भी शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दीपू मिलनसार और मेहनती युवक था, किसी से उसकी रंजिश नहीं थी. ऐसे में उसकी मौत संदेह के घेरे में है और पुलिस को निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SANTOSH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन