ePaper

प्रशासन की बैठक में होटल, लॉज और साइबर कैफे पर सख्त निगरानी का आदेश

Updated at : 10 May 2025 10:45 PM (IST)
विज्ञापन
प्रशासन की बैठक में होटल, लॉज और साइबर कैफे पर सख्त निगरानी का आदेश

शनिवार को ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की अगुवाई में एक महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक आयोजित की गई.

विज्ञापन

बिहारशरीफ. शनिवार को ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की अगुवाई में एक महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और आगामी दिनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गयी. जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिये कि जिले के सभी होटल और लॉज की सघन जांच की जाये. उन्होंने कहा कि होटल प्रबंधकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का वैध फोटो पहचान पत्र लिया जाए और उसकी पुष्टि की जाये. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देना अनिवार्य होगा. इसके अलावा, डीएम ने निर्देश दिया कि आज और कल (शनिवार-रविवार) सभी होटल और लॉज मालिकों के साथ बैठक कर उन्हें सख्त हिदायत दी जाए कि बिना वैध आईडी प्रमाण के किसी को भी ठहरने की अनुमति न दें. इसी तरह, जिले के सभी साइबर कैफे संचालकों के साथ भी बैठक की जायेगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि केवल वैध पहचान वाले व्यक्तियों को ही इंटरनेट सुविधा प्रदान की जाये. जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार अगले दो महीनों का राशन एक साथ वितरित किया जायेगा. इसके लिए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है, ताकि सभी लाभार्थियों को समय पर अनाज मिल सके. उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ अवैध तत्व दवा, तेल, चीनी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी कर सकते हैं. इसलिए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे विशेष टास्क फोर्स बनाकर जमाखोरी पर नजर रखें और बड़े होलसेल व्यापारियों के साथ बैठक कर उन्हें संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट करने के लिए प्रेरित करें. डीएम ने अग्निशमन विभाग को पूरी तरह सक्रिय रहने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके. वहीं, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि सघन गश्त और होटल-हॉस्टलों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाये. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन पर तुरंत केस दर्ज किया जायेगा. एसपी ने धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा बढ़ाने के भी आदेश दियी. इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में नगर आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रशिक्षु और अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन अधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा), सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक अधिकारी, अंचलाधिकारी और सभी थानाध्यक्ष उपस्थित रहे. जिला प्रशासन और पुलिस की यह समन्वित कार्ययोजना सुनिश्चित करती है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जिले में शांति और सुरक्षा बनी रहे तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AMLESH PRASAD

लेखक के बारे में

By AMLESH PRASAD

AMLESH PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन