शेखपुरा के जमुआरा पहाड़ में मिला लापता बीटेक छात्र का शव, आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहनों पर किया पथराव

Sheikhpura News: लापता बीटेक छात्र हंसराज उर्फ राजा का शव जमुआरा पहाड़ के गहरे तालाब से मिला. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद मौके पर हंगामा और पुलिस पर पथराव हुआ.
Sheikhpura News: शेखपुरा शहर के मेंहुस मोड़ निवासी 19 वर्षीय बीटेक छात्र हंसराज उर्फ़ राजा के लापता होने के तीसरे दिन उसकी लाश जमुआरा पहाड़ स्थित गहरे तालाब से बरामद की गई है. मृत युवक की पहचान संतोष यादव के पुत्र के रूप में की गई है. लापता छात्र की खोजबीन के लिए प्रशासन द्वारा बुलाई गई एसडीआरएफ की विशेष टीम ने शव को गहरे पानी से बाहर निकाला. शव के बरामद होते ही घटना स्थल पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया और पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त हो गया.
आक्रोशित भीड़ ने किया पथराव
गुस्साए स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर खोजबीन में शिथिलता बरतने का गंभीर आरोप लगाया. लोगों का कहना है कि युवक की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या कर उसकी लाश को छुपाने के उद्देश्य से इस गहरे तालाब में फेंका गया है. लाश की शिनाख्त होते ही जमुआरा पहाड़ स्थित घटना स्थल पर मौजूद आक्रोशित लोगों की भारी भीड़ ने जमकर बवाल काटना शुरू कर दिया. इस उग्र हंगामे के दौरान भीड़ ने मौके पर खड़ी पुलिस बल की गाड़ियों पर अचानक पथराव कर दिया, जिससे पुलिस की चार गाड़ियों के शीशे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पहाड़ की अवैध खुदाई से बने गहरे तालाबनुमा गड्ढे में युवक का शव मिलने पर परिजनों द्वारा हत्या की प्रबल आशंका जताई जा रही है. परिजनों का तर्क है कि युवक शनिवार की दोपहर ही घर से अपनी बाइक लेकर निकला था, लेकिन बरामद किए गए शव से अब भी ताजा खून रिस रहा है. इससे यह आशंका बन रही है कि हत्या महज 12 से 15 घंटे के भीतर की गई है. इसके अलावा पानी में डूबने पर शरीर पूरी तरह से फूल जाता है, लेकिन छात्र का शरीर वैसा नहीं था. युवक टी-शर्ट और ट्राउजर पहने है, पर उसका चप्पल गायब है और उसका मोबाइल फोन भी नहीं मिल रहा है.
शनिवार से लापता था छात्र
मृतक हंसराज शनिवार के दिन करीब 11:30 बजे अपने घर से अपाचे बाइक लेकर निकला था. देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा, तो चिंतित परिवार वाले उसकी खोजबीन में जुट गए थे. नगर परिषद के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की जांच में शनिवार दोपहर एक बजकर कुछ मिनट पर उसे शहर के महादेव नगर मार्ग से जाते हुए देखा गया था. इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा था. हालांकि, उसकी अपाचे बाइक शनिवार की रात करीब डेढ़ बजे जमुआरा पहाड़ स्थित गहरे तालाब के समीप लावारिस और लॉक अवस्था में पाई गई थी.
पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
जमुआरा पहाड़ के सुनसान इलाके से हंसराज के शव को देखते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और लोग हत्या की साजिश को भांपकर उग्र प्रदर्शन करने लगे. इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने तत्परता दिखाई. पुलिस ने भारी हंगामे और पथराव के बीच सूझबूझ से शव को अपने कब्जे में ले लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही समय (टाइमिंग) और हत्या के कारणों का सटीक खुलासा हो सकेगा.
Also Read: दो केंद्रों पर आज से ITI प्रवेश परीक्षा, 106 अभ्यर्थी होंगे शामिल, जिला प्रशासन ने पूरी की तैयारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










