मलमास खत्म होते ही शुरू होगा शादी का सीजन, 22 जून से शुभ मुहूर्त उपलब्ध, बिहार में फिर गूंजेंगी शहनाइयां
प्रतीकात्मक तस्वीर
Bihar Sharif News : मलमास के बाद विवाह का शुभ समय शुरू, मांगलिक कार्यों के शुभ मुहूर्त भी फिर शुरू. इस खबर में जानिए सालभर की शुभ डेट्स.
बिहारशरीफ से कंचन कुमार की रिपोर्ट
Shadi Season 2026 : हिंदू धर्म में विवाह सहित सभी मांगलिक कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त का विशेष महत्व माना जाता है. मलमास (खरमास) के कारण पिछले एक माह से विवाह जैसे शुभ कार्यों पर विराम लगा हुआ था, लेकिन अब मलमास की समाप्ति के साथ ही एक बार फिर शादियों का मौसम शुरू होने जा रहा है. आगामी 22 जून 2026 से विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन एवं अन्य मांगलिक कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त उपलब्ध हो जाएंगे और जिले सहित पूरे प्रदेश में शहनाइयों की गूंज सुनाई देने लगेगी. ज्योतिषाचार्यों श्रीकांत के अनुसार जून और जुलाई माह में विवाह के लिए कई शुभ तिथियां उपलब्ध हैं. इसके बाद चातुर्मास और ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति के कारण अगस्त, सितंबर और अक्टूबर माह में विवाह के लिए कोई शुभ मुहूर्त नहीं रहेगा. करीब तीन महीने के अंतराल के बाद नवंबर के अंतिम सप्ताह से फिर विवाह समारोहों का दौर शुरू होगा, जो दिसंबर तक जारी रहेगा.
जून में 22 तारीख से शुरू होंगे मांगलिक कार्य
मलमास समाप्त होने के बाद जून माह में विवाह के लिए कुल सात शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं. इनमें 22 जून से 29 जून के बीच विभिन्न तिथियों पर विवाह समारोह आयोजित किए जा सकेंगे. इस अवधि में बड़ी संख्या में विवाह समारोह होने की संभावना है, जिसके चलते मैरिज हॉल, बैंक्वेट हॉल, टेंट हाउस और कैटरिंग व्यवसायियों के यहां बुकिंग तेज हो गई है.
जुलाई में भी मिलेंगे पांच शुभ मुहूर्त
जुलाई माह में विवाह के लिए कुल पांच शुभ तिथियां निर्धारित हैं. मानसून के बीच होने वाले इन विवाह समारोहों के लिए भी परिवारों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. 12 जुलाई के बाद विवाह कार्यों पर अस्थायी विराम लग जाएगा.

अगस्त से अक्टूबर तक नहीं होंगे विवाह
ज्योतिषीय गणना के अनुसार अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 में विवाह के लिए कोई भी शुभ मुहूर्त उपलब्ध नहीं है. चातुर्मास और ग्रहों की विशेष स्थिति के कारण इस अवधि में मांगलिक कार्यों से परहेज किया जाएगा. इस दौरान लोग विवाह की खरीदारी, निमंत्रण पत्र छपवाने और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दे सकेंगे.
नवंबर के अंतिम सप्ताह से फिर लौटेगी शादियों की बहार
करीब तीन महीने के अंतराल के बाद नवंबर के अंतिम सप्ताह से विवाह का दूसरा चरण शुरू होगा. नवंबर माह में चार शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं. इस दौरान एक बार फिर विवाह मंडप सजेंगे और शहनाइयों की गूंज सुनाई देगी.
दिसंबर में सर्वाधिक शुभ तिथियां
साल 2026 के अंतिम महीने दिसंबर में विवाह के लिए आठ शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं. ठंड के मौसम में होने वाले इन विवाह समारोहों को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है. दिसंबर में बड़ी संख्या में शादियां होने की संभावना है.
Also Read : सरकारी योजना फेल? गंगाबारा में आज भी कुएं का दूषित पानी पीने को मजबूर लोग
विवाह सीजन से बाजारों में बढ़ी रौनक
शादी-विवाह के सीजन की शुरुआत की खबर से बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है. कपड़ा व्यवसायी, आभूषण विक्रेता, फर्नीचर दुकानदार, टेंट हाउस संचालक, फ्लावर डेकोरेटर, बैंड-बाजा संचालक, कैटरिंग व्यवसायी और मैरिज हॉल संचालकों के यहां पूछताछ और बुकिंग का सिलसिला तेज हो गया है. व्यापारियों का कहना है कि जून के अंतिम सप्ताह से कारोबार में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है.

पूरे वर्ष में लग्न की शुभ तारीख जानिए
22 जून (सोमवार)
23 जून (मंगलवार)
24 जून (बुधवार)
25 जून (गुरुवार)
26 जून (शुक्रवार)
27 जून (शनिवार)
29 जून (सोमवार)
जुलाई 2026 के शुभ विवाह मुहूर्त
1 जुलाई (बुधवार)
6 जुलाई (सोमवार)
7 जुलाई (मंगलवार)
11 जुलाई (शनिवार)
12 जुलाई (रविवार)
नवंबर 2026 के शुभ विवाह मुहूर्त
21 नवंबर (शनिवार)
24 नवंबर (मंगलवार)
25 नवंबर (बुधवार)
26 नवंबर (गुरुवार)
दिसंबर 2026 के शुभ विवाह मुहूर्त
2 दिसंबर (बुधवार)
3 दिसंबर (गुरुवार)
4 दिसंबर (शुक्रवार)
5 दिसंबर (शनिवार)
6 दिसंबर (रविवार)
11 दिसंबर (शुक्रवार)
12 दिसंबर (शनिवार)
शादी-विवाह की तैयारियों में जुटे परिवारों के लिए यह वर्ष कई शुभ अवसर लेकर आया है. ऐसे में जिन परिवारों में विवाह प्रस्ताव तय हो चुके हैं, वे उपलब्ध मुहूर्तों के अनुसार अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं.
Also Read : सरकारी योजना फेल? गंगाबारा में आज भी कुएं का दूषित पानी पीने को मजबूर लोग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










