नालंदा में आरडीडीई का औचक निरीक्षण, जिला शिक्षा कार्यालय और मध्य विद्यालय की व्यवस्था परखी

Updated:
विज्ञापन
फोटो:- जिला शिक्षा कार्यालय का निरीक्षण करते आरडीडीई अमित कुमार  | Prabhat Khabar Network

जिला शिक्षा कार्यालय का निरीक्षण करते आरडीडीई अमित कुमार | Prabhat Khabar Network

आरडीडीई अमित कुमार ने नालंदा के जिला शिक्षा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और कर्मियों को कार्यों को अनावश्यक रूप से नहीं टालने का सख्त निर्देश दिया.

विज्ञापन

पटना प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई) अमित कुमार द्वारा बुधवार को नालंदा जिले के मध्य विद्यालय दौलाचक और जिला शिक्षा कार्यालय, बिहारशरीफ का औचक निरीक्षण किया गया.

सबसे पहले उन्होंने मध्य विद्यालय दौलाचक पहुंचकर वहां छात्र-शिक्षकों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना के संचालन, विद्यालय के भवन, उपस्कर, बुनियादी सुविधाओं और समग्र शैक्षणिक वातावरण का गहराई से जायजा लिया.

निरीक्षण के समय विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य सुचारू रूप से चल रहा था और सभी शिक्षक अपने-अपने वर्ग कक्षों में छात्रों को पढ़ाते हुए पाए गए. विद्यालय की व्यवस्था और पढ़ाई का स्तर देखकर आरडीडीई ने संतोष व्यक्त किया.

डीईओ कार्यालय पहुंचते ही मचा हड़कंप, संचिकाओं की हुई जांच

विद्यालय का निरीक्षण करने के बाद अपराह्न 3:30 बजे आरडीडीई सीधे जिला शिक्षा कार्यालय, नालंदा पहुंचे. उनके कार्यालय में अचानक पहुंचते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और सभी संभागों के अधिकारी व लिपिक अपनी-अपनी सीटों पर पूरी शालीनता से कार्य करते नजर आए.

आरडीडीई ने बताया कि वे अपने रूटीन वर्क के तहत नालंदा जिला पहुंचे थे और इसी क्रम में उन्होंने विभिन्न संभागों का औचक निरीक्षण किया है. कार्यालय के कामकाज पर भी उन्होंने संतोष जताया. इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नेहा रानी सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे.

आरडीडीई ने कई लिपिकों के पास स्वयं जाकर उनके कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित लिपिकों के 'लॉग बुक' की जांच की और उसमें यथासंभव आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए. सबसे पहले वे जिला शिक्षा कार्यालय के प्रथम तल पर स्थित कार्यालय अधीक्षक विपिन कुमार के कक्ष में गए और विभिन्न संचिकाओं (फाइलों) का अवलोकन कर जरूरी निर्देश दिए. इसके बाद उन्होंने विधि संभाग, वेतन कोषांग और अन्य संभागों में जाकर कार्यालय के विभिन्न दस्तावेजों की भी जांच की.

बेवजह कार्यों को नहीं टालने और तत्परता बरतने की हिदायत

आरडीडीई अमित कुमार ने सभी लिपिकों और कर्मियों को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि कार्यालय के किसी भी कार्य को बेवजह न लटकाया जाए. उन्होंने सभी को तत्परता के साथ फाइलों और कार्यों को निपटाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्यों को पूरा करने में देरी होने से आम जनता और शिक्षकों में असंतोष बढ़ता है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है.

इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) हेमचंद्र भी कार्यालय में मौजूद रहे. निरीक्षण के बाद आरडीडीई ने डीईओ के कक्ष में बैठकर सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (DPOs) के साथ विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श भी किया.


विज्ञापन
Ujjwalanand Giri

लेखक के बारे में

By Ujjwalanand Giri

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन