नालंदा : हिलसा में पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था से जमीन की खरीद-बिक्री ठप, वसीका नवीसों पर रोजी-रोटी का संकट
हिलसा वसीका नवीस संघ में बैठे हुए कातिव | Prabhat Khabar Network
नालंदा के हिलसा में पेपरलेस निबंधन व्यवस्था लागू होने के बाद जमीन की खरीद-बिक्री का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो गया है. खरीदार पेपरलेस प्रक्रिया के तहत निबंधन कराने से कतरा रहे हैं, जिससे वसीका नवीसों की रोजी-रोटी पर संकट आ गया है.
Hilsa Paperless Registry : नालंदा जिले के हिलसा निबंधन कार्यालय में पेपरलेस निबंधन व्यवस्था लागू होने के बाद जमीन की खरीद-बिक्री का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है. सोमवार से ही अधिकांश जमीन खरीदार रजिस्ट्री कराए बिना वापस लौट रहे हैं. खरीदारों के पेपरलेस प्रक्रिया के तहत निबंधन नहीं कराने के कारण निबंधन कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है.
इसका सबसे अधिक असर वसीका नवीस संघ के सदस्यों पर पड़ा है. संघ के सदस्य प्रतिदिन कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन काम नहीं होने के कारण उन्हें खाली हाथ घर लौटना पड़ रहा है.
वसीका नवीस संघ के सदस्यों पर पड़ रहा प्रतिकूल प्रभाव
गुरुवार को हिलसा वसीका नवीस संघ के अध्यक्ष विजय सिंह, सचिव विजय कृष्ण प्रसाद, तथा अजय कुमार, हसन खां, जगदीश कुमार, कौशलेन्द्र, रजनीकांत, कमला प्रसाद, अमरनाथ सिंह, चुन्नू सिंह, शम्भु, विजय, वीरेन्द्र सिंह, सुरेंद्र कुमार वर्मा, जयपाल और अखिलेश पाण्डेय ने बताया कि पेपरलेस व्यवस्था लागू होने के बाद से जमीन की खरीद-बिक्री लगभग बंद हो गई है.
Also Read : हरनौत में पीएम सूर्य घर योजना शिविर, रूफटॉप सोलर और मुफ्त बिजली की जानकारी लेने उमड़ी भीड़
कोई भी खरीदार पेपरलेस प्रक्रिया के तहत निबंधन कराने के लिए आगे नहीं आ रहा है. संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वे प्रतिदिन संघ कार्यालय और निबंधन कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन काम नहीं मिलने के कारण वापस लौटना पड़ता है.
इससे उनके जनजीवन के साथ-साथ परिवार के भरण-पोषण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि यदि स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई तो नवीसों के सामने आर्थिक संकट और गहरा जाएगा.
समस्याओं के शीघ्र समाधान और सुचारु व्यवस्था की मांग
नवीस संघ ने सरकार और निबंधन विभाग से मांग की है कि पेपरलेस व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए तथा ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे जमीन की खरीद-बिक्री और निबंधन कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके. साथ में अनुज्ञप्ति प्राप्त वसीका नवीस सदस्यों से ही निबंधन कराया जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष कुमार पार्थ
संतोष कुमार पार्थ वर्ष 2013 से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पिछले तीन वर्षों से प्रभात खबर में हिलसा अनुमंडल मुख्यालय से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए





