जिले में पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कमी नहीं : डीएम

Published by :SANTOSH KUMAR SINGH
Published at :04 May 2026 10:05 PM (IST)
विज्ञापन
जिले में पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कमी नहीं : डीएम

जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने जिले में रसोई गैस की कमी और पेट्रोल पंप बंद होने की सूचनाओं को लेकर तेल विपणन कंपनियों के सेल्स ऑफिसरों व वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.

विज्ञापन

बिहारशरीफ. जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने जिले में रसोई गैस की कमी और पेट्रोल पंप बंद होने की सूचनाओं को लेकर तेल विपणन कंपनियों के सेल्स ऑफिसरों व वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंप पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रहे हैं. तीनों तेल कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि खपत के अनुरूप लगातार आपूर्ति हो रही है. इस पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि शादी के मौसम में बढ़ी मांग को देखते हुए पेट्रोल पंपों पर 5 से 10 प्रतिशत अतिरिक्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो. साथ ही आपूर्ति में किसी भी व्यवधान की स्थिति में तत्काल वरीय अधिकारियों से समन्वय कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया. रसोई गैस की उपलब्धता पर जानकारी देते हुए नोडल पदाधिकारी ने बताया कि जिले में 54 गैस एजेंसियों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 8567 घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है. वर्तमान में जिले का बैकलॉग 3.24 है, जो राज्य में तीसरा सबसे कम है. जिला पदाधिकारी ने बताया कि बिहारशरीफ, राजगीर और सिलाव में पीएनजी पाइपलाइन का कार्य तेजी से चल रहा है. कई वार्डों में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और अब तक 1828 उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन दिया गया है. जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां उपभोक्ताओं के लिए पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य किया जा रहा है, ताकि एलपीजी पर निर्भरता कम हो और सुरक्षित गैस आपूर्ति सुनिश्चित हो सके. इसके अलावा आवासीय विद्यालय, महाविद्यालय, छात्रावास, आंगनवाड़ी और सामुदायिक रसोई जैसे संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर पीएनजी कनेक्शन देने के निर्देश दिए गए हैं. जिला प्रशासन ने एलपीजी से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम (टोल फ्री नंबर: 06112-233168) भी संचालित किया है. साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे पेट्रोल-डीजल या गैस की जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग की सूचना तुरंत प्रशासन को दें. ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.

विज्ञापन
SANTOSH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन