मानव तस्कर गिरोह के चार अपराधी गिरफ्तार

9 अप्रैल को रहुई थाना क्षेत्र के बेसमक से अपहृत दो नाबालिग लड़कियों को राजस्थान के बीकानेर से सकुशल बरामद करते हुए अंतरराज्यीय मानव तस्कर गिरोह के चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है.
बिहाशरीफ. 9 अप्रैल को रहुई थाना क्षेत्र के बेसमक से अपहृत दो नाबालिग लड़कियों को राजस्थान के बीकानेर से सकुशल बरामद करते हुए अंतरराज्यीय मानव तस्कर गिरोह के चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. इसकी जानकारी देते हुए विधि व्यवस्था डीएसपी ने बताया कि रहुई थाना में पिता के द्वारा आवेदन दिया गया था कि अपनी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री एवं 13 वर्षीय नाबालिग भतीजी के देर शाम घर नहीं लौटने के संबंध में आवेदन दिया था. जिस पर रहुई थाना में मामला दर्ज कर इसकी सूचना वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों को दी गई. पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-02, द्वारा अंचल निरीक्षक, नूरसराय के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया. उन्होंने बताया कि तकनीकी अनुसंधान के क्रम में उक्त दोनों लड़कियां राजस्थान के बीकानेर में मिलीं. इनकी बरामदगी के लिए पुलिस टीम को बीकानेर भेजा गया, जहां नया शहर थाना क्षेत्र से दोनों नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद किया गया. उक्त कांड में संलिप्त अभियुक्त राजस्थान के चित्तौड़गढ़ स्थित डूंगला थाना के बिलोदा गांव निवासी भगवती लाल व्यास के 36 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार उर्फ राजु एवं राजेश कुमार की पत्नी अंजली कुमारी को गिरफ्तार किया गया. डीएसपी ने बताया कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उक्त दोनों लड़कियों को नूरसराय थानाक्षेत्र के बलचंद विगहा निवासी लगन चौधरी के 30 वर्षीय धनवंती देवी उर्फ शोभा द्वारा यहां लाकर तीन लाख में बेचा गया था. दोनों नाबालिग लड़कियों को राजस्थान से बरामद कर लाया गया तथा अभियुक्त राजेश कुमार एवं राजेश कुमार की पत्नी अंजली कुमारी की निशानदेही पर धनवंती देवी उर्फ शोभा तथा इनके सहयोगी मानपुर थानाक्षेत्र के प्रभुविगहा निवासी श्रवण चौहान के पुत्र पुरुषोत्तम कुमार को राजगीर ब्रह्मकुण्ड के पास से गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि अपहरण कर लाकर रखी गयी छत्तीसगढ़ के रायपुर जिला स्थित न्यू राजेंद्र नगर थानाक्षेत्र के अमलाडीह गांव की एक अन्य नाबालिग लड़की को भी बरामद किया गया. धनवंती देवी उर्फ शोभा ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उक्त दोनों नाबालिग लड़कियों को राजस्थान ले जाकर बेचने में पुरुषोत्तम कुमार उनके साथ थे, और इसके बदले उन्हें तीन लाख रुपये मिले. राजगीर से बरामद न्यू राजेंद्र नगर थानाक्षेत्र की नाबालिग लड़की के परिजनों को सूचित करते हुए उसे बाल कल्याण समिति, बिहारशरीफ को सुपुर्द किया गया. कांड के अनुसंधान में कार्रवाई जारी है तथा गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










