राष्ट्रीय लोक अदालत आज, आठ पीठ करेगा मामलों का निबटारा

शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की सभी तैयारियां यहां पूरी कर ली गयी है. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में आयोजित इस राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक, दीवानी, बैंक ऋण सहित अन्य प्रकार के सुलहनीय मामले निपटाये जायेंगे.
शेखपुरा. शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की सभी तैयारियां यहां पूरी कर ली गयी है. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में आयोजित इस राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक, दीवानी, बैंक ऋण सहित अन्य प्रकार के सुलहनीय मामले निपटाये जायेंगे. इन मामलों के निपटाए जाने को लेकर न्यायिक अधिकारियों के नेतृत्व में आठ पीठ का गठन किया गया है. पीठ में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के नामित अधिवक्ताओं को भी शामिल किया गया है. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला जज पवन कुमार पांडे द्वारा इस संबंध में आदेश जारी करते हुए न्यायालय के सभी तृतीय और चतुर्थ वर्गीय कर्मियों को 10 बजे से शुरू होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए 9:30 बजे तक न्यायालय परिसर में पहुंच जाने का आदेश दिया है. इस संबंध में आधिकारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय लोक अदालत के पहले पीठ का नेतृत्व उत्पाद मामलों के विशेष न्यायाधीश राजेश कुमार रजक करेंगे. उसमें अधिवक्ता अभिलाषा सिंहा उनकी मदद के लिए तैनात रहेगी. इस पीठ में सभी प्रकार के दीवानी और पारिवारिक मामलों का निपटारा किया जायेगा. दूसरे पीठ में एडीजे कुमार अविनाश के साथ अधिवक्ता सुशील कुमार रहेंगे. सभी प्रकार के माप-तौल और उपभोक्ता, खनन, दावा निबटारा, वन विभाग के मामलों का निपटारा करेंगे. तृतीय पीठ में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विभा रानी सभी प्रकार के सुलहनीय आपराधिक मामलों का निपटारा अधिवक्ता पंकज कुमार के साथ करेंगी. चौथ पीठ में एसीजेएम रोहित कुमार अधिवक्ता मनीषा कुमारी के साथ अपराधिक सुलहनीय मामलों का निपटारा के अलावा बैंक मामलों के मामले भी निस्तारित करेंगे. पांचवें पीठ में एसीजेएम द्वितीय समीर कुमार अधिवक्ता अशोक कुमार झा के साथ विभिन्न बैंकों के मामलों, एसडीजेएम श्वेता कुमारी अधिवक्ता मनोज कुमार के साथ केनरा बैंक के मामलों, पीठ सात में मुंसिफ रोहित रंजन अधिवक्ता सच्चिदानंद यादव के साथ ग्रामीण बैंक के मामलों का निपटारा करेंगे. जबकि न्यायिक दंडाधिकारी सुनील कुमार वर्मा विभिन्न बैंकों के अलावे सुलहनीय आपराधिक मामलों का निपटारा अधिवक्ता संजय कुमार के साथ करेंगे. राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर प्राधिकार द्वारा इसमें शामिल होने आ रहे लोगों के पेयजल और सुरक्षा आदि की व्यवस्था की गयी है. राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन प्रधान जिला जज, जिलाधिकारी और एसपी तथा अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी के साथ करेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




