बिहारशरीफ के इस सरकारी स्कूल में एडवांस 'हाजिरी' बनाते हैं शिक्षक, संडे को भी 'हाजिर' थे गुरुजी, DDC के जांच में हुए कई खुलासे
चोरया स्कूल का भवन
Biharsharif School Inspection : बिहार के हरनौत प्रखंड में डी.डी.सी. सारा अशरफ ने एक सरकारी स्कूल का औचक निरीक्षण किया. मिड-डे मील में कीड़े मिलने और पठन-पाठन में लापरवाही की शिकायतें जांच का आधार बनीं. निरीक्षण के दौरान कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं.
Biharsharif School Inspection : बिहारशरीफ के हरनौत प्रखंड में मंगलवार को डीडीसी सारा अशरफ ने एक सरकारी स्कूल का औचक निरीक्षण किया. मिड-डे मील में कीड़े और पठन-पाठन में लापरवाही की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई. जांच के दौरान स्कूल की उपस्थिति पंजी और अन्य व्यवस्थाओं में कई गंभीर खामियां उजागर हुई हैं.
आपके शहर में
शिकायत मिलने पर स्कूल पहुंचे अधिकारी
हरनौत प्रखंड की पोआरी पंचायत में शिविर खत्म करने के बाद डीडीसी सारा अशरफ अचानक चौरिया पंचायत पहुंच गईं. यहां उन्होंने दोपहर करीब 12 बजे उत्क्रमित मध्य विद्यालय भथियार का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ पंकज कुमार और अंचलाधिकारी भी मौजूद थे. अधिकारियों की टीम कीचड़ भरी कच्ची सड़क से होते हुए स्कूल पहुंची थी.
मिड-डे मील और किचन की हुई गहन जांच
बीडीओ डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि स्कूल के मिड-डे मील में कीड़े मिलने, मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं देने और पढ़ाई ठीक से न होने की शिकायत थी. स्कूल प्रभारी रंजीत रंजन ने बताया कि डीडीसी ने स्टॉक के चावल और रसोई में पके भोजन की भौतिक जांच की. प्रभारी ने बताया कि मेन्यू के अनुसार सोमवार व गुरुवार को चावल-दाल-सब्जी, मंगलवार को जीरा चावल-सोयाबीन, बुधवार व शुक्रवार को पुलाव-चना तथा शनिवार को खिचड़ी-चोखा परोसा जाता है.
उपस्थिति पंजी में मिली भारी अनियमितता
अधिकारियों ने रसोइया और शिक्षकों की उपस्थिति पंजी की बारीकी से जांच की. जांच में पाया गया कि एक शिक्षक ने 25 जुलाई तक, दूसरे ने 24 तक और एक अन्य ने रविवार सहित 19 तारीख तक की एडवांस हाजिरी बना रखी थी. स्कूल में कक्षा एक से आठवीं तक कुल 172 बच्चे नामांकित हैं, जिनमें से निरीक्षण के वक्त केवल 65 बच्चे ही उपस्थित पाए गए. वहीं पांच में से एक शिक्षक छुट्टी (एसएल) पर थे.
सवा घंटे तक मची रही अफरा-तफरी
डीडीसी ने स्कूल में वर्ग कक्ष से लेकर शौचालय तक का जायजा लिया. तीसरी घंटी के दौरान उन्होंने अलग-अलग कक्षाओं में जाकर बच्चों से सवाल भी पूछे. स्कूल प्रभारी के अनुसार जब अधिकारी पहुंचे तो कार्यालय में कोई कर्मी मौजूद नहीं था. लगभग सवा घंटे तक चले इस निरीक्षण के दौरान स्कूल में प्रभारी से लेकर बच्चों तक में हड़कंप मचा रहा.
आगे की कार्रवाई के लिए बनेगी रिपोर्ट
बीडीओ ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान स्कूल की व्यवस्थाओं में कई खामियां पाई गई हैं. इन सभी गड़बड़ियों को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है. यह रिपोर्ट आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए जल्द ही संबंधित विभाग को भेज दी जाएगी.
Also Read : नालंदा: खोदागंज पुलिस ने लूट, आर्म्स एक्ट एवं शराब तस्कर को दबोचा, भेजा गया जेल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए