नालंदा के चोरसुआ गांव में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर संपन्न, 400 ग्रामीणों की हुई जांच, मुफ्त बांटी गईं दवाएं

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 17 May 2026 6:30 PM

विज्ञापन

अपनी आंखों का इलाज करवाते लोग

Nalanda News: नालंदा के पावापुरी थाना क्षेत्र के चोरसुआ गांव में मुखिया चंदन कुमार के सौजन्य और नालंदा नेत्रालय के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में करीब 400 ग्रामीणों की आंखों की मुफ्त जांच कर दवाएं बांटी गईं. नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव कुमार ने लोगों को समय पर आंखों की जांच कराने की सलाह दी, वहीं ग्रामीणों ने पंचायत की इस पहल की सराहना की है.

विज्ञापन

Nalanda News(अमर वर्मा): नालंदा जिला अंतर्गत पावापुरी थाना क्षेत्र के चोरसुआ गांव में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने और सुदूर इलाकों तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया.  चोरसुआ पंचायत के मुखिया चंदन कुमार के विशेष सौजन्य और नालंदा नेत्रालय की सराहनीय पहल से आयोजित इस शिविर में करीब 400 ग्रामीणों की आंखों की मुफ्त जांच की गई और जरूरतमंदों के बीच आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया.

ग्रामीणों में दिखा भारी उत्साह, हर वर्ग के लोग पहुंचे

गांव में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर को लेकर स्थानीय निवासियों में काफी उत्साह देखने को मिला. शिविर में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं, पुरुष और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. नालंदा नेत्रालय से आई अनुभवी डॉक्टरों की टीम ने अत्याधुनिक उपकरणों के जरिए मरीजों की आंखों की बारीकी से जांच की और उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया.

नियमित जांच से समय रहते संभव है गंभीर बीमारियों का इलाज: डॉ. अभिनव

शिविर में पहुंचे प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अभिनव कुमार ने ग्रामीणों को आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आंखें हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील अंग हैं. इसलिए समय-समय पर इनकी जांच कराना बेहद आवश्यक है. कई बार मोतियाबिंद या ग्लूकोमा जैसी गंभीर बीमारियां शुरुआती दौर में पता नहीं चलती हैं. लेकिन अगर हम नियमित रूप से जांच करवाते रहें, तो बीमारी का समय रहते पता चल जाता है और इलाज बेहद आसान हो जाता है.

शिविर के दौरान मुख्य रूप से मोतियाबिंद से पीड़ित बुजुर्ग मरीजों को चिन्हित कर उन्हें आगे के ऑपरेशन के लिए सही मार्गदर्शन दिया गया. वहीं धुंधला दिखना, आंखों में जलन, पानी आना, कमजोरी और सूखापन (ड्रायनेस) जैसी दिक्कतों से परेशान मरीजों को मुफ्त ड्रॉप्स और दवाएं दी गईं.

घर के पास विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधा से ग्रामीण खुश: मुखिया

चोरसुआ पंचायत के मुखिया चंदन कुमार ने नालंदा नेत्रालय की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविरों का आयोजन बेहद लाभकारी साबित हो रहा है. इसके माध्यम से गांव के सैकड़ों गरीब और जरूरतमंद लोगों को बिना किसी आर्थिक बोझ और भागदौड़ के, घर के पास ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से इलाज कराने का अवसर मिला है. ग्रामीणों ने भी इस सफल आयोजन के लिए पंचायत प्रशासन को धन्यवाद दिया और भविष्य में भी ऐसे शिविर लगातार आयोजित करने की मांग की.

शिविर को सफल बनाने में इनका रहा सराहनीय योगदान

इस जन-कल्याणकारी शिविर को सफल बनाने में चोरसुआ पंचायत के सरपंच डॉ. राकेश कुमार, उपमुखिया डॉ. संजीव कुमार, वार्ड सदस्य संजीव कुमार, राजीव कुमार बिहारी, संजीव कुमार निराला, मनोज कुमार, राजीव कुमार उर्फ वीरू जी, प्रकाश प्रसाद उर्फ पराली जी, उत्तम कुमार उर्फ जालिम सहित नालंदा नेत्रालय की पूरी पैरामेडिकल व डॉक्टर्स टीम के सदस्यों ने अपना अहम योगदान दिया.

Also Read:राजगीर-हावड़ा ट्रेन सेवा बहाल, सांसद कौशलेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Aditya Kumar Ravi is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन