नालंदा : हिलसा नगर परिषद बोर्ड बैठक में हंगामा, नल-जल, स्ट्रीट लाइट और विकास योजनाओं पर हुई तीखी बहस

हिलसा नगर परिषद कार्यालय में साधारण बोर्ड की बैठक | Prabhat Khabar Network
नालंदा जिले के हिलसा नगर परिषद कार्यालय में हुई साधारण बोर्ड की बैठक हंगामेदार रही. विभिन्न विकास योजनाओं के चयन को लेकर पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. नल-जल योजना, स्ट्रीट लाइट और जलजमाव जैसे मुद्दों पर गरमागरम बहस हुई.
नालंदा जिले के हिलसा नगर परिषद कार्यालय के सभागार में शनिवार को आयोजित साधारण बोर्ड की बैठक मुख्य पार्षद धनंजय कुमार की अध्यक्षता में हंगामेदार रही. बैठक के दौरान विभिन्न वार्डों की विकास योजनाओं के चयन को लेकर पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक, आरोप-प्रत्यारोप और गहमागहमी का माहौल बना रहा. कई मुद्दों पर लंबी बहस के बाद विभिन्न प्रस्तावों पर सहमति बनी.
बैठक में वार्डवार विकास योजनाओं के चयन पर विस्तृत चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि बिना प्राक्कलन (एस्टीमेट) के किसी भी विकास योजना को स्वीकृति नहीं दी जाएगी. पार्षदों ने योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया. शहर की प्रकाश व्यवस्था को लेकर बताया गया कि 1,200 स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है.
वहीं, शहर की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त 1,200 स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव पर भी सदन ने सहमति प्रदान की. सरकार द्वारा संचालित सहयोग शिविर की समीक्षा के दौरान बताया गया कि नगर परिषद के 26 वार्डों में से अभी सात वार्डों में शिविर लगना शेष है. शिविरों में नागरिकों से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं.
इन आवेदनों के निष्पादन के लिए सरकार से अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया.
पार्षदों द्वारा उठाए गए विभिन्न वार्डों के गंभीर मुद्दे
वार्ड पार्षदों ने संचालित नल-जल योजना के ऑपरेटर को मासिक शुल्क मुहैया कराने एवं निर्धारित समय से नल-जल योजना का संचालित करने पर चर्चा की. बैठक में वार्ड संख्या-11 की सशक्त स्थायी समिति की सदस्य एवं पार्षद तबस्सुम परवीन ने सात निश्चय योजना के तहत संचालित नल-जल योजना का मुद्दा उठाया.
उन्होंने कहा कि उनके वार्ड के दो दर्जन से अधिक घरों में पिछले आठ माह से नल का पानी नहीं पहुंच रहा है. कई बार आवेदन देने के बावजूद नगर परिषद की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है. वार्ड संख्या-4 के पार्षद राकेश कुमार शर्मा ने ढिवरापर स्थित मुख्य सड़क पर ढक्कन सहित नाला निर्माण कराने तथा जलजमाव की स्थायी समस्या का समाधान करने की मांग उठाई.
वहीं, वार्ड संख्या-16 के सशक्त स्थायी समिति के सदस्य एवं पार्षद विजय कुमार विजेता ने ऐतिहासिक सूर्य मंदिर तालाब में जलजमाव की समस्या उठाते हुए कहा कि यह हिलसा की महत्वपूर्ण धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहर है.
उन्होंने तालाब परिसर से जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की, ताकि श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. वार्ड पार्षद सिंधु कुमारी ने विभिन्न वार्डों में नालों पर बने ढक्कनों के टूटकर क्षतिग्रस्त होने का मामला उठाया. उन्होंने कहा कि टूटे हुए ढक्कनों के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इसलिए सभी क्षतिग्रस्त ढक्कनों की शीघ्र मरम्मत कर नए ढक्कन लगाए जाएं.
अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी और उपस्थित गणमान्य
बैठक के दौरान कई मामलों में कार्यपालक पदाधिकारी पार्षदों के सवालों का स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए, जिस पर कई पार्षदों ने नाराजगी जताई. इस दौरान एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चलता रहा, जिससे कुछ समय तक सदन का माहौल गरमाया रहा.
बैठक में उपमुख्य पार्षद दुर्गा कुमारी, विधायक प्रतिनिधि कुंदन पटेल, तबस्सुम परवीन, कुमारी कंचन सिन्हा, सिंधु कुमारी, रीना कुमारी, विजय कुमार विजेता, किरण रावत, प्रमोद कुमार, सकलदीप चौधरी, सरिता देवी, सुजंती देवी, राकेश कुमार शर्मा, शैलेन्द्र कुमार शर्मा, संतोष कुमार गुप्ता, नौशाद अहमद, वीणा कुमारी, रीना देवी, अल्पना देवी, रूचि कुमारी, निरंजन कुमार, पंकज कुमार, रंजू देवी, उर्मिला देवी, शमशेर आलम सहित सभी वार्ड पार्षद एवं नगर परिषद के पदाधिकारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










