नालंदा के डिग्री कॉलेजों में 3 मेधा सूची के बाद भी आधे से अधिक सीटें खाली, मनपसंद कॉलेज न मिलने से भटक रहे छात्र
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन प्रक्रिया जारी है, लेकिन बिहारशरीफ के डिग्री कॉलेजों में आधी से अधिक सीटें खाली हैं. दूर-दराज के कॉलेज आवंटित होने से छात्र एडमिशन लेने से कतरा रहे हैं. इससे कॉलेजों को चिंता सता रही है और छात्र-अभिभावक असमंजस में हैं.
Nalanda News: बिहारशरीफ (नालंदा) में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय पटना से संबद्ध जिले के सभी डिग्री कॉलेजों में स्नातक सत्र 2026-30 के प्रथम सेमेस्टर में नामांकन की प्रक्रिया जारी है. विश्वविद्यालय द्वारा अब तक तीन मेधा सूची जारी किए जाने के बावजूद अधिकांश कॉलेजों में आधी से अधिक सीटें खाली पड़ी हैं. दूर-दराज के महाविद्यालय आवंटित होने और मनपसंद विषय न मिलने के कारण छात्र-छात्राएं नामांकन लेने से परहेज कर रहे हैं. इसके कारण जहां कॉलेजों को सीटें भरने की चिंता सता रही है, वहीं छात्र और अभिभावक असमंजस की स्थिति में फंसे हुए हैं.
दूर-दराज के कॉलेज मिलने से छात्र-छात्राओं में भारी असंतोष
नामांकन प्रक्रिया में छात्रों की सुविधाओं की अनदेखी किए जाने से जिले के छात्र-अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. इस्लामपुर, नवादा, शेखपुरा और बरबीघा जैसे दूर-दराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को 30 से 40 किलोमीटर दूर बिहारशरीफ जिला मुख्यालय के कॉलेज आवंटित कर दिए गए हैं. छात्राओं के लिए इतनी लंबी दूरी तय कर रोजाना नियमित क्लास करना बेहद कठिन चुनौती बन गया है. इसी वजह से मेधा सूची में नाम आने के बाद भी महज 10 से 20 फीसदी छात्र ही आवंटित कॉलेजों में एडमिशन ले रहे हैं, जबकि बाकी छात्र अगली सूची का इंतजार कर रहे हैं.
स्पोर्ट एडमिशन और चौथी मेधा सूची की घोषणा का इंतजार
विश्वविद्यालय द्वारा शनिवार को तीसरी सूची के तहत लिए गए दाखिलों का वैलिडेशन पूरा कर लिया गया है. हालांकि, इसके बाद न तो चौथी मेधा सूची जारी की गई है और न ही स्पोर्ट एडमिशन (Spot Admission) को लेकर कोई गाइडलाइन दी गई है. जिन विद्यार्थियों के प्राप्तांक कम हैं, उन्हें अब तक कोई कॉलेज आवंटित नहीं हो सका है. ऐसे छात्र अपने सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र लेकर विभिन्न कॉलेजों के चक्कर काट रहे हैं, ताकि किसी भी तरह उनका स्नातक प्रथम सेमेस्टर में दाखिला हो सके.
नामांकन अधूरा रहने से पठन-पाठन का कार्य प्रभावित
विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों ने बताया कि इस शैक्षणिक सत्र का वर्ग संचालन जुलाई महीने से ही शुरू हो जाना चाहिए था. परंतु नामांकन प्रक्रिया के लगातार टलने और सीटें खाली रहने के कारण अब तक केवल कुछ गिने-चुने विषयों की ही कक्षाएं शुरू की जा सकी हैं. विद्यार्थियों को उम्मीद है कि विश्वविद्यालय द्वारा चौथी लिस्ट या स्पोर्ट एडमिशन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, ताकि वे अपनी सुविधा अनुसार नजदीकी कॉलेज में मनपसंद मेजर सब्जेक्ट के साथ एडमिशन ले सकें.
Also Read: बिहार पृथ्वी दिवस पर राजगीर जू सफारी में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण की दिलाई गई शपथ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By उज्ज्वलानंद गिरि
उज्जवलानंद गिरि वर्ष 2009 से प्रभात खबर, बिहारशरीफ कार्यालय में जिला संवाददाता के रूप में कार्य कर रहे हैं. शिक्षा, सहकारिता, जिला परिषद तथा बिहारशरीफ प्रखंड की खबरें प्रमुखता से लिखते रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










