Rain Alert: बिहार के इन जिलों में 28 फरवरी और 1 मार्च को होगी बारिश! मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 26 Feb 2025 7:38 AM
सांकेतिक तस्वीर
Bihar Weather: बिहार में इस साल फरवरी में ही गर्मी का अहसास होने लगा है. दिन का तापमान 30°C के पार पहुंच गया है, जबकि रातें भी ज्यादा ठंडी नहीं रह गई हैं. वहीं 28 फरवरी और 01 मार्च को कुछ इलाकों में हल्की बारिश की उम्मीद भी है.
Bihar Weather: फरवरी का महीना आमतौर पर हल्की ठंड और सुहाने मौसम के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार स्थिति कुछ और ही है. बिहार में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे गर्मी का अहसास फरवरी में ही होने लगा है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 30°C के पार पहुंच चुका है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी 20°C के करीब बना हुआ है. ठंड अब नाम मात्र की रह गई है, और मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में और अधिक गर्मी पड़ने की संभावना जताई है.
बिहार में बढ़ेगा तापमान, हल्की बारिश की उम्मीद
पटना स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के वैज्ञानिक कुमार गौरव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय हैं. लेकिन इनकी तीव्रता इतनी नहीं है कि बिहार के तापमान में भारी गिरावट ला सकें. हालांकि, 28 फरवरी और 01 मार्च को कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, लेकिन यह महज बूंदाबांदी तक ही सीमित रह सकती है. तब तक तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है, जिससे लोगों को फरवरी में ही गर्मी का सामना करना पड़ेगा.
आज कैसा रहेगा मौसम?
26 फरवरी को बिहार का मौसम शुष्क रहने की संभावना है. दिनभर तीखी धूप देखने को मिलेगी, जिससे चुभन महसूस हो सकती है. हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्के बादल भी छाए रह सकते हैं. इस दौरान पछुआ हवा हल्की गति से बहती रहेगी. मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 28 से 32°C के बीच रहेगा, जबकि रात का तापमान 16 से 18°C तक जा सकता है.
किन जिलों में होगी बारिश?
28 फरवरी और 01 मार्च को बिहार के कुछ जिलों जैसे- कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर में हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, अभी तक किसी भी जिले के लिए मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है.
Also Read: बिहार में बस से मिले 40 लाख के बंद हो चुके नोट, नोटों के मालिक तक पहुंचने में जुटी पुलिस
होली तक बढ़ सकती है गर्मी, लू के आसार
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगर तापमान इसी रफ्तार से बढ़ता रहा, तो होली तक लू चलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. आमतौर पर मार्च के अंत में गर्मी तेज होती है, लेकिन इस बार फरवरी में ही गर्मी ने दस्तक दे दी है. ऐसे में लोगों को जल्द ही गर्मी से राहत पाने के उपाय शुरू कर देने चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










