ePaper

Bihar Tourism: खुशखबरी! अब मात्र ₹150 में करें बिहार के 40 पर्यटक स्थलों की सैर! जाने परिवहन विभाग का प्लान

Updated at : 28 Dec 2025 8:58 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar-Tourism-28-Dec-2025

AI जनरेटेड इमेज प्रतीकात्मक तस्वीर

Bihar Tourism: अब बोधगया, सासाराम या वाल्मीकिनगर जाने के लिए निजी गाड़ी या महंगे टूर पैकेज पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी. बिहार में पर्यटन की राह अब इलेक्ट्रिक बसों से खुलेगी.

विज्ञापन

Bihar Tourism: बिहार में पर्यटन को नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो चुकी है. परिवहन विभाग ने फरवरी से पटना को राज्य के 40 प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों से जोड़ने के लिए 100 इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसें चलाने का फैसला किया है.

इस पहल से न सिर्फ पर्यटकों को सस्ती, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिलेगी, बल्कि आम लोगों के लिए भी अंतर-जिला आवागमन आसान होगा। सरकार का दावा है कि इस योजना से दो लाख से अधिक लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा.

पटना से बोधगया तक सीधी बस

नई व्यवस्था के तहत पटना से कैमूर, बोधगया, नवादा, सासाराम, बेतिया, बांका, बीटीआर और अन्य पर्यटन स्थलों तक सीधी बस सेवा शुरू की जाएगी. इन रूट्स का चयन पर्यटकों की आवाजाही और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है.

परिवहन विभाग ने बिहार राज्य पथ परिवहन निगम को सभी पर्यटन स्थलों का सर्वे कराने का निर्देश दिया है, ताकि दूरी, यात्रा समय और संभावित यात्रियों की संख्या के आधार पर रूट तय किए जा सकें.

150 से 700 रुपये तक किराया

इन बसों का किराया हर वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर तय किया जाएगा. नॉन एसी बसों का संभावित किराया 150 से 600 रुपये और एसी बसों का 200 से 700 रुपये के बीच रखा जा सकता है.

परिवहन विभाग का कहना है कि अंतिम किराया सरकार के स्तर पर तय होगा और इसमें बदलाव संभव है. उद्देश्य यही है कि पर्यटन स्थलों तक पहुंच आम लोगों की जेब पर भारी न पड़े.

इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों पर जोर

राज्य में परिवहन निगम की कई बसें पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसें खरीदी जा रही हैं. इससे प्रदूषण कम होगा और संचालन लागत भी घटेगी.

परिवहन सचिव राजकुमार के अनुसार, राज्य के पर्यटन स्थलों पर ऐसी बसों का परिचालन पर्यावरण के लिहाज से भी बेहतर साबित होगा.

बसों में मिलेगा टूरिस्ट फ्रेंडली अनुभव

पर्यटन को ध्यान में रखते हुए बसों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा. आरामदायक सीटों के साथ म्यूजिक सिस्टम, टीवी या एलईडी स्क्रीन, लगेज रखने की अलग जगह और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा मिलेगी.

कुछ बसों में सीट बेल्ट, फर्स्ट एड बॉक्स और पानी की बोतल भी उपलब्ध कराई जाएगी. यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशिक्षित ड्राइवर और गाइड की तैनाती की योजना भी है.

पर्यटन आंकड़े और भविष्य की बड़ी योजना

साल 2024 में बिहार में 6.06 करोड़ घरेलू और 7.36 लाख विदेशी पर्यटक पहुंचे थे. अकेले पटना में 1.06 लाख घरेलू और 23 हजार विदेशी पर्यटक आए. सरकार का मानना है कि बेहतर परिवहन सुविधा से यह संख्या और बढ़ेगी. वर्ष 2026-27 में करीब 200 नई बसें खरीदी जाएंगी, जिनमें 100 लोकल रूट और 100 स्टेट रूट पर चलेंगी. इसके अलावा केंद्र सरकार से 400 इलेक्ट्रिक बसें भी मिलने की योजना है.

इस योजना से न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे. बेहतर कनेक्टिविटी से बिहार के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूती मिलेगी.

Also Read: नए साल पर सुकून की तलाश? बिहार का VTR परफेक्ट टूरिस्ट डेस्टिनेशन

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन