नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़ के बाद पीएम मोदी और सीएम नीतीश ने किया मुआवजे का ऐलान, 9 की मौत पर जताया दुख

Updated:
विज्ञापन

मघड़ा शीतला मंदिर में भीड़ के कारण भगदड़

Bihar News: बिहार के नालंदा जिले में शीतला माता मंदिर में पूजा के दौरान मची भगदड़ के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है. घटना के बाद प्रशासन हरकत में है और राहत-बचाव कार्य तेजी से चल रहा है.

विज्ञापन

Bihar News: नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित प्रसिद्ध मां शीतला मंदिर (मघड़ा) में मंगलवार की सुबह उस वक्त मातम में बदल गई जब भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई. मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी, लेकिन अचानक मची अफरा-तफरी में लोग एक-दूसरे को रौंदते हुए भागने लगे.

आपके शहर में

विज्ञापन

खबर लिखने तक, इस भगदड़ में 9 महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि कई लोग जख्मी हो गए हैं. उन्हें इलाज के लिए मॉडल अस्पताल बिहार शरीफ भेजा गया है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए हैं.

CM नीतीश कुमार ने किया मुआवजे का ऐलान

हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस घटना से अत्यंत मर्माहत हैं और उन्होंने तुरंत राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. नीतीश कुमार ने मृतकों के आश्रितों के लिए कुल 6 लाख रुपये के अनुग्रह अनुदान की घोषणा की है, जिसमें 4 लाख रुपये आपदा प्रबंधन विभाग और 2 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे.

मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन के वरीय अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं और घायलों के समुचित इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है. सरकार ने साफ किया है कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों की हर संभव सहायता की जाएगी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया गहरा शोक

नालंदा में हुई भगदड़ की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद है और इसमें अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं.

सम्राट चौधरी डॉ. प्रेम कुमार और तेजस्वी यादव की संवेदना

इस हादसे पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भी शोक प्रकट किया है. सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार घायलों के बेहतर उपचार के लिए प्रतिबद्ध है और पीड़ितों को संबल प्रदान करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं.

वहीं, विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.

नालंदा के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर में भगदड़ की घटना पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गहरा दुख जताया है.

तेजस्वी यादव ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. साथ ही शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.

राहत और बचाव कार्य में जुटा प्रशासन

घटना के बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई है. वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है और राहत व बचाव कार्य तेजी से चल रहा है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज कराया जा रहा है.

इस हादसे के बाद मंदिरों और भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. ऐसे आयोजनों में बेहतर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.

Also Read: नालंदा के मघड़ा शीतला मंदिर में मची भगदड़, 8 महिलाओं की मौत

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन