‘होटल कांड’ पर बिहार में सियासी भूचाल, तेज प्रताप के आरोपों पर बोले मंत्री- साबित हुआ तो छोड़ दूंगा राजनीति
तेज प्रताप यादव (फाइल फोटो)
दिल्ली के कथित ‘चप्पल कांड’ को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है. सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं. संजय सिंह ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि यदि उनके खिलाफ कोई साक्ष्य है तो उसे सार्वजनिक किया जाए और आरोप साबित होने पर वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे.
Delhi Five Hotel Controversy: दिल्ली के फाइव स्टार होटल में कथित ‘चप्पल कांड’ को लेकर बिहार में सियासी तापमान बढ़ गया है. पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं. सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के मुताबिक, दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में एक बिहार के नेता पर महिला कर्मचारी से कथित बदसलूकी का आरोप लगा और इसके बाद होटल में उनकी पिटाई किए जाने का दावा किया गया. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
आपके शहर में
मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आने के बाद बिहार की राजनीति में भी अटकलों का दौर शुरू हो गया. सोशल मीडिया पर सांकेतिक नामों के जरिए चर्चा होने के बाद कई नेताओं और मंत्रियों के नाम इस कथित घटना से जोड़कर देखे जाने लगे. इसी बीच बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने इस मामले को लेकर बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह पर सीधे आरोप लगाए.
तेज प्रताप के आरोपों पर संजय सिंह ने पूरी तरह खारिज करते हुए ‘बकवास’ बताया. उन्होंने कहा कि अगर तेज प्रताप यादव या किसी अन्य व्यक्ति के पास इस कथित घटना से जुड़ा कोई साक्ष्य है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए. संजय सिंह ने सरकार से भी पूरे मामले की जांच कराने का आग्रह किया.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें..
संजय सिंह ने क्या कहा?
तेज प्रताप यादव के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सिंह ने कहा कि यदि कथित कांड में उनका नाम साबित हो जाता है तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे. उन्होंने चुनौती दी कि अगर किसी के पास इस कथित घटना से जुड़ी कोई फोटो या वीडियो है तो उसे सार्वजनिक करना चाहिए.
संजय सिंह ने बिहार के एक डिजिटल चैनल का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उसके पास इस मामले से संबंधित कोई साक्ष्य या वीडियो है तो उसे सामने लाया जाए. उन्होंने कहा, “मैं विश्वास दिलाता हूं कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। यह मंत्री परिषद को बदनाम करने की साजिश हो रही है.”
उन्होंने कहा कि इस कथित खबर के सामने आने के बाद बिहार के बाहर से लोग फोन करके पूछ रहे हैं कि आखिर बिहार में क्या चल रहा है. संजय सिंह ने कहा कि अगर इस मामले से जुड़ा कोई साक्ष्य या वीडियो है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए. ऐसा नहीं होने पर उन्होंने कहा कि वह अपने साथी मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री से मिलकर संबंधित चैनलों के खिलाफ कार्रवाई का आग्रह करेंगे.
संजय सिंह ने कहा कि सम्राट चौधरी की मंत्री परिषद में कोई भी मंत्री इस तरह की हरकत नहीं कर सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों से जुड़े कुछ लोग उनके खिलाफ झूठी बातें फैला रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
क्या कहा था तेज प्रताप यादव ने?
तेज प्रताप यादव ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि महुआ से विधायक एवं मंत्री संजय सिंह को लेकर दिल्ली के एक होटल में एक युवती के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार और शोषण के प्रयास के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं.
तेज प्रताप ने दावा किया कि होटल कर्मचारियों के हस्तक्षेप से स्थिति को संभाला गया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद करीब 25 लाख रुपये के कथित लेन-देन के जरिए मामले को रफा-दफा किए जाने की बात कही जा रही है.
उन्होंने कहा कि संजय सिंह के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन को लेकर भी कई सवाल उठाए जा रहे हैं. तेज प्रताप ने लिखा कि यदि लगाए जा रहे आरोप सही हैं तो यह गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है और आरोपों की निष्पक्ष जांच के साथ दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए.
Also Read : यूपी में चिराग पासवान का मिशन 2027: मायावती के दलित वोट बैंक पर नजर, ब्राह्मणों को साधने की तैयारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए