Bihar: Income Tax के छापे में पता चला100 करोड़ से अधिक का अघोषित लेनदेन,30 से अधिक ठिकानों पर पड़ी थी रेड

राज्य में पिछले दिनों सोना, हीरा और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े समूहों पर विभाग ने छापे मारे थे. छापेमारी में पांच करोड़ रुपये से अधिक के नकद और आभूषण बरामद हुए थे. इस छापेमारी में 100 करोड़ रुपये से अधिक के अघोषित लेनदेन का पता चला है.
पटना. आयकर विभाग द्वारा पिछले दिनों सोना, हीरा और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े कुछ समूहों के ठिकानों पर की गयी छापेमारी में 100 करोड़ रुपये से अधिक के अघोषित लेनदेन का पता चला है. यह छापेमारी पटना, भागलपुर, डेहरी-आन-सोन, लखनऊ और दिल्ली के 30 से अधिक ठिकानों पर की गयी थी.
छापे के दौरान विभाग को आयकर चोरी के कई डिजिटल और अहम दस्तावेजी सबूत मिले हैं. केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड(सीबीडीटी) द्वारा मंगलवार को जारी बयान में कहा गया कि छापेमारी के दौरान मिले सबूत से पता चला कि सोना और हीरा के कारोबार से जुड़े एक व्यापारिक प्रतिष्ठान ने आभूषण खरीदने में अघोषित नकदी का प्रयोग किया और साथ ही दुकान की सजावट और अचल संपत्ति खरीदने में भी नकदी का ही इस्तेमाल किया गया.
जांच के दौरान इस प्रतिष्ठान द्वारा लगभग 12 करोड़ रुपये की अघोषित नकदी का प्रयोग करने की बात सामने आयी है. प्रतिष्ठान ने इस नकदी को उपभोक्ताओं से एडवांस के तौर पर दिखाया है. छापे के दौरान स्टॉक की जांच करने पर 12 करोड़ रुपये मूल्य के अघोषित स्टॉक का भी पता चला. वहीं रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े समूह के पास से जमीन खरीदने, भवनों का निर्माण करने और अपार्टमेंट को बेचने में अघोषित नकदी के लेनदेन का पता चला. जमीन कारोबार से जुड़े ब्रोकर के यहां मिले सबूत से इस अघोषित लेनदेन की पुष्टि होती है और यह रकम लगभग 80 करोड़ रुपये से अधिक है. इस समूह के प्रमुख व्यक्ति द्वारा इस पैसे से जमीन और अचल संपत्ति खरीदने का पता चला है.
बयान में कहा गया है कि छापेमारी के दौरान पांच करोड़ रुपये से अधिक नकद और आभूषण बरामद किया गया. विभाग ने 14 बैंक लॉकर के संचालन पर रोक लगा दी है. अब तक की जांच के दौरान 100 करोड़ रुपये से अधिक अघोषित लेनदेन का पता चला है. इस मामले में जांच अभी जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




