ePaper

जनता की समस्याओं पर बिहार सरकार गंभीर, अब सोशल साइट्स पर मिली शिकायतों का होगा तुरंत निबटारा

Updated at : 09 Dec 2020 6:00 AM (IST)
विज्ञापन
जनता की समस्याओं पर बिहार सरकार गंभीर, अब सोशल साइट्स पर मिली शिकायतों का होगा तुरंत निबटारा

सभी सोशल साइट्स की मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आइपीआरडी) को सौंपी गयी है.

विज्ञापन

कौशिक रंजन, पटना. राज्य सरकार अब जनता की समस्याओं का निबटारा बेहद कम समय में ज्यादा प्रभावी ढंग से करने के लिए सोशल साइट्स को माध्यम बनाने जा रही है.

फेसबुक, ट्विटर, लिंकडेन समेत अन्य किसी भी सोशल साइट्स पर मौजूद सरकारी विभागों के पेज या बिहार सरकार के सरकारी पेज पर अगर कोई किसी समस्या को लेकर शिकायत करता है, तो उसका समाधान तुरंत किया जायेगा.

इसके लिए शिकायतों को संबंधित विभाग को ट्रांसफर कर दिया जायेगा. इसके अलावा अगर कोई व्यक्ति अपने फेसबुक, ट्वीटर या अन्य सोशल साइट्स पर किसी समस्या को लेकर कोई पोस्ट करता है और वह तेजी से सोशल मीडिया में वायरल होता है, तो उस पर भी राज्य सरकार संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्रवाई करेगी.

सभी सोशल साइट्स की मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आइपीआरडी) को सौंपी गयी है.

ऐसे अपने-अपने सोशल साइट्स के पेजों की समुचित मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की ही होगी. साथ ही इन पर आने वाली किसी शिकायत के निबटारे की जिम्मेदारी उसी विभाग की होगी.

हाल ही में मुख्य सचिव, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव समेत अन्य आला अधिकारियों की बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा की गयी.

इस संबंध में पूरी कार्यप्रणाली विकसित करने के लिए आइपीआरडी के स्तर पर व्यापक स्तर पर पहल शुरू हो गयी है. सभी विभागों को जल्द ही इस तरह की शिकायतों पर कार्रवाई के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी.

इसके लिए 11 विभागों में चुनिंदा शिकायतों की सूची तैयार की गयी है, जिसके आधार पर इनका निबटारा होगा. संबंधित विभागों पर इनके निबटाने की जवाबदेही होगी.

आइपीआरडी के अधिकारियों का कहना है कि इस प्रक्रिया को लागू करने की तैयारी चल रही है. जल्द ही इसकी पूरी कार्यप्रणाली तैयार कर ली जायेगी.

इन विभागों की इन शिकायतों का होगा निबटारा :-

  • 1. आपदा प्रबंधन विभाग : प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित मामले

  • 2. गृह विभाग : एफआइआर दर्ज नहीं करने से संबंधित मामले, सांप्रदायिक तनाव के मामले में तत्काल स्थल पर पहुंचने के संबंध में, दुर्घटना की स्थिति में तत्काल स्थल पर पहुंचने और राहत पहुंचाने के संबंध में

  • 3. शिक्षा विभाग : – शिक्षकों की उपस्थिति

  • 4. स्वास्थ्य विभाग : अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टर और अस्पताल कर्मियों की उपस्थिति, जन्म ए‌वं मृत्यु पंजीकरण प्रमाणपत्र, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पतालों में सफाई

  • 5. समाज कल्याण विभाग- आंगनबाड़ी केंद्रों के तहत सेवाएं व कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना

  • 6. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग- पीडीएस विक्रेताओं के माध्यम से खाद्यान्नों की आपूर्ति

  • 7. पथ निर्माण विभाग : एसएच और एनएच की मामूली मरम्मत

  • 8. ग्रामीण कार्य विभाग : ग्रामीण सड़कों की मामूली मरम्मत

  • 9. ऊर्जा विभाग : बिजली तार टूटने या झूलने से संबंधित मामले, ट्रांसफर जलने से संबंधित मामले

  • 10. पीएचइडी : हर घर नल का जल कार्यक्रम के तहत पेयजल आपूर्ति से संबंधित मामले

  • 11. नगर विकास ए‌वं आवास विभाग : जलजमाव व कूड़ा जमा रहने की शिकायत

Posted by Ashish Jha

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन