ePaper

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से बिहार को कनेक्टिविटी की मंजूरी, गणितज्ञ बशिष्ठ नारायण के नाम पर होगा नया कोईलवर पुल

Updated at : 11 Dec 2020 6:22 AM (IST)
विज्ञापन
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से बिहार को कनेक्टिविटी की मंजूरी, गणितज्ञ बशिष्ठ नारायण के नाम पर होगा नया कोईलवर पुल

केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार को बिहार में 100 इथेनॉल फैक्ट्री खोलने का प्रस्ताव दिया जिस पर सहमति बन गयी है.

विज्ञापन

पटना. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को 266 करोड़ की लागत से एनएच-30 पर 1.52 किलोमीटर लंबे नये तीन लेन के कोइलवर पुल का उद्घाटन वीडियो कांफ्रेंसिंग से किया. इसके साथ ही बिहार और उत्तर प्रदेश की लाइफलाइन इस पुल से आरा से पटना की तरफ यातायात शुरू हो गया.

इस पुल से पटना से भोजपुर, बक्सर, छपरा, बलिया और गाजीपुर का यातायात सुगम हो जायेगा. कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने कोइलवर पुल का नामकरण गणितज्ञ बशिष्ठ नारायण सिंह के नाम पर करने की मांग रखी.

इस संबंध में गडकरी ने आरके सिंह से पत्र भेजने के लिए कहा व सहमति दे दी. इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से बिहार को कनेक्टिविटी की मंजूरी दी. केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार को बिहार में 100 इथेनॉल फैक्ट्री खोलने का प्रस्ताव दिया िजस पर सहमति बन गयी है.

इसका इस्तेमाल पेट्रोल की जगह किया जा सकेगा. उन्होंने कहा कि मक्का बिहार में प्रचुर मात्रा में होता है इससे और चावल से भी इथेनॉल बनाया जा सकता है. फैक्ट्री खोलने में वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का भी उन्होंने आश्वासन दिया.

साथ ही कहा कि उत्पादित सभी इथेनॉल को केंद्र सरकार और ऑयल कंपनी खरीदेगी. उन्होंने कहा कि इससे राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक स्थिति में सुधार होगा.

कई सड़क-पुल परियोजनाओं के काम की दी जानकारी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस मौके पर कई सड़क परियोजनाओं के काम शुरू होने की तारीख भी बतायी. उन्होंने कहा कि शेरपुर से दिघवारा के बीच गंगा नदी पर तीन हजार करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण अप्रैल 2021 से शुरू होगा.

यह पटना रिंग रोड पैकेज-2 का हिस्सा है. मुंगेर-भागलपुर-मिर्जा चौकी सड़क पर मार्च 2021 से काम शुरू होगा. औरंगाबाद-पटना-मुजफ्फरपुर-दरभंगा के बीच 7700 करोड़ रुपये की लागत से नयी फोर लेन सड़क की डीपीआर बनायी जा रही है.

भोजपुर-बक्सर सड़क का काम अक्टूबर 2021 में पूरा होगा. बिहपुर से वीरपुर कोसी ब्रिज का काम 2023 में पूरा होगा. पटना में गंगा नदी पर गांधी सेतु के समानांतर पुल का काम मार्च 2024 में पूरा हो जायेगा. इसके साथ ही छपरा में सिक्स लेन बाइपास बनेगा.

सीवान से मशरख के बीच फोरलेन सड़क की डीपीआर बन रही है. पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लाभ बिहार को मिले इसके लिए भरौली-बक्सर-हैदरिया फोरलेन एलिवेटेड सड़क की डीपीआर अगले वर्ष जून तक बन जायेगी. मोकामा-मुंगेर सड़क के चौड़ीकरण की डीपीआर अप्रैल 2021 में बन जायेगी.

मुजफ्फरपुर-बरौनी, मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी और खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन की डीपीआर बनायी जा रही है. विक्रमशिला सेतु के समानांतर पुल का निर्माण 2024 से पहले पूरा हो जायेगा.

इस उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री आरके सिंह, जनरल (डॉ) वीके सिंह (सेवानिवृत्त) और अश्विनी चौबे, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, सांसद रामकृपाल यादव, पथ निर्माण मंत्री मंगल पांडेय, मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य सचिव दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, एनएचएआइ के क्षेत्रीय पदाधिकारी लेफ्टनेंट कर्नल चंदन वत्स सहित विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे.

Posted by Ashish Jha

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन