तिलकामांझी में ज्वेलर्स दुकान से 14 लाख की चांदी चोरी, वेंटिलेशन तोड़कर घुसे चोर

Updated:
विज्ञापन

फोटो- तिलका मांझी स्थित ज्वेलरी दुकान में चोरी छानबीन करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र में जय श्री श्याम ज्वेलर्स में देर रात चोरों ने सेंध लगाई. दुकान का वेंटिलेशन तोड़कर घुसे चोरों ने करीब 13 से 14 लाख रुपये के चांदी के जेवरात चुरा लिए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

भागलपुर. तिलकामांझी थाना क्षेत्र के हटिया रोड स्थित जय श्री श्याम ज्वेलर्स में देर रात चोरों ने दुकान का वेंटिलेशन तोड़कर प्रवेश किया और चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. दुकानदार के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब 13 से 14 लाख रुपये है. घटना की जानकारी मिलने के बाद तिलकामांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

रात में दुकान के पास मिला था संदिग्ध युवक

दुकान मालिक सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि रात में मकान मालिक ने दुकान के आसपास कुछ संदिग्ध लोगों के घूमने की जानकारी दी थी. सूचना मिलने पर वह दुकान के पास पहुंचे, जहां शटर के नीचे एक युवक बैठा मिला. दुकानदार को देखते ही युवक वहां से भाग निकला. उस समय सुरेंद्र वर्मा को चोरी की आशंका नहीं हुई.

सुबह ताले पर मिले हथौड़ी के निशान

सुबह दुकान खोलने पहुंचे सुरेंद्र वर्मा ने ताले पर हथौड़ी से वार किए जाने के निशान देखे. चाबी से ताला खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन ताला नहीं खुला. इसके बाद चाबी बनाने वाले को बुलाकर ताला खुलवाया गया. शटर उठाते ही दुकान के अंदर का सामान बिखरा मिला और चांदी के जेवरात गायब थे.

13 से 14 लाख रुपये के चांदी के जेवरात चोरी

दुकानदार के मुताबिक दुकान में रखा चांदी का पूरा सामान गायब था. प्रारंभिक आकलन में चोरी गए जेवरात की कीमत करीब 13 से 14 लाख रुपये बताई गई है. चोरी की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस ने घटनास्थल की जांच की

सूचना मिलने पर तिलकामांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान के अंदर तथा आसपास के इलाके का निरीक्षण किया. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर किस रास्ते से दुकान में दाखिल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए.

सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही रात के समय इलाके में संदिग्ध रूप से घूमने वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान में मदद मिल सकती है.

2023 में भी दुकान में हो चुकी है चोरी

दुकानदार सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि वर्ष 2023 में भी उनकी दुकान को चोरों ने निशाना बनाया था. दोबारा चोरी की घटना होने से दुकानदार और आसपास के व्यवसायियों में चिंता बढ़ गई है. पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.


विज्ञापन
ऋषव मिश्रा कृष्णा

लेखक के बारे में

By ऋषव मिश्रा कृष्णा

ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन