भागलपुर: बूढ़ानाथ मंदिर में पूजा कर रही महिला के गले से चेन काटी, रंगे हाथ पकड़ी गई मुंगेर की महिला; पुलिस कर रही पूछताछ
कान पड़कर उठक बैठक कर रही आरोपित महिला
भागलपुर के ऐतिहासिक बूढ़ानाथ मंदिर में सावन सोमवार को पूजा के दौरान एक महिला के गले से चेन स्नेचिंग का प्रयास हुआ. स्थानीय श्रद्धालुओं ने आरोपी महिला को रंगे हाथ पकड़ लिया, जिसके पास से कटी हुई चेन भी बरामद हुई.
भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में सावन के सोमवार को पूजा-अर्चना के दौरान चेन स्नेचिंग के प्रयास का मामला सामने आया है. शिवलिंग के समीप जलार्पण कर रही एक महिला के गले से सोने की चेन काटते हुए स्थानीय श्रद्धालुओं ने एक अन्य महिला को रंगे हाथ पकड़ लिया. पकड़ी गई महिला के पास से काटी गई चेन भी बरामद की गई, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने उसे जोगसर थाना पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस आरोपित महिला को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया में जुटी है.
शिवलिंग के पास पूजा के दौरान काटी चेन
जानकारी के अनुसार भागलपुर की रहने वाली एक महिला सावन के सोमवार पर बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में जलाभिषेक और पूजा करने पहुंची थी. वह गर्भगृह में शिवलिंग के पास बैठकर पूरी आस्था के साथ पूजा कर ही रही थी कि तभी उसे अपने गले के पिछले हिस्से में अचानक कुछ असामान्य हरकत महसूस हुई. महिला ने तत्काल सतर्क होकर जब अपने गले पर हाथ फेरा, तो उसकी चेन कट चुकी थी. पीड़िता ने फौरन मुड़कर देखा और बिना देर किए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया.
स्थानीय लोगों ने दबोचा, बरामद हुई काटी गई चेन
पीड़िता की चीख-पुकार सुनते ही मंदिर परिसर में मौजूद अन्य श्रद्धालु और स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आए और भागने का प्रयास कर रही संदिग्ध महिला को मौके पर ही धर दबोचा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पकड़ी गई महिला के पास से पीड़िता की कटी हुई चेन भी बरामद कर ली गई. पकड़ी गई आरोपित महिला ने अपना नाम जूही और घर जमालपुर (मुंगेर जिला) बताया.

खुद को बेकसूर बताती रही आरोपित महिला
लोगों की पकड़ में आने और पुलिस के पहुंचने पर आरोपित महिला ने चेन स्नेचिंग के आरोप से साफ इनकार किया. उसका दावा था कि वह भी अन्य श्रद्धालुओं की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना करने आई थी और चेन नीचे फर्श पर गिरी हुई मिली थी, जिसे उसने उठा लिया था. पकड़े जाने के बाद महिला लोगों और पुलिस से खुद को छोड़ देने की लगातार गुहार लगाती रही और इस दौरान उसके कान पकड़कर उठक-बैठक करने की बात भी सामने आई.
दोनों पक्षों के बयान दर्ज, जांच में जुटी जोगसर पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही जोगसर थाना पुलिस तुरंत बाबा बूढ़ानाथ मंदिर परिसर पहुंची और आरोपित महिला को हिरासत में लेकर थाने ले आई. पुलिस ने पीड़िता और आरोपित दोनों से घटना के संदर्भ में पूछताछ की है और बरामद चेन को जब्त कर लिया है. सावन के सोमवार को भारी भीड़ उमड़ने के कारण मंदिर परिसर में ऐसे गिरोहों की सक्रियता बढ़ जाती है. मामले की पुष्टि करते हुए जोगसर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ऋषव मिश्रा कृष्णा
ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









