Bhagalpur News : गंगा घाट से कांवरिया पथ में नहीं रहेगा नंगा तार, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर और 24 घंटे बिजली की तैयारी

Published by : MD. TAZIM Updated At : 23 May 2026 10:00 AM

विज्ञापन

सुलतानगंज में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 को लेकर अब सरकारी मशीनरी पूरी तरह मैदान में उतर चुकी है.

विज्ञापन

सुलतानगंज (भागलपुर) से शुभंकर की रिपोर्ट Bhagalpur News : सुलतानगंज में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 को लेकर अब सरकारी मशीनरी पूरी तरह मैदान में उतर चुकी है. लाखों कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग ने इस बार मेला क्षेत्र में “ऑपरेशन उजाला” शुरू कर दिया है. लक्ष्य साफ है,गंगा घाट से लेकर कच्ची कांवरिया पथ तक कहीं अंधेरा नहीं रहे, बिजली बाधित नहीं हो और कांवरियों को सुरक्षित व निर्बाध रोशनी मिले. मेला शुरू होने में अभी समय है, लेकिन प्रशासन ने इस बार रिकॉर्ड समय से पहले तैयारी शुरू कर दी है. सुलतानगंज गंगा घाट से भागलपुर जिला के माल तेघड़ा फॉल तक बिजली विभाग के बड़े अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर हर व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर ही कई अहम निर्देश जारी किए. निरीक्षण के दौरान विद्युत अधीक्षण अभियंता संजय कुमार बेरियो ने अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रावणी मेला उद्घाटन से पहले सभी कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं. निरीक्षण टीम में कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार, एमआरटी कार्यपालक अभियंता संजय कुमार, एसडीओ रंजीत कुमार, शहरी जेई अरविंद कुमार और ग्रामीण जेई मंजय कुमार मौजूद थे. अभियंताओं ने गंगा घाट, शहर, मेला क्षेत्र और कच्ची कांवरिया पथ पर बिजली व्यवस्था की गहन जांच की. विभाग के एसडीओ रंजीत कुमार ने बताया कि विद्युत अधीक्षण अभियंता ने निरीक्षण करते हुए कई आवश्यक निर्देश दिये है,जिसपर काम शुरू होगा.

25 मई से शुरू होगा मेला को लेकर विशेष कार्य अभियान

बिजली विभाग ने 25 मई से विशेष कार्य अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है. विद्युत विभाग के एसडीओ रंजीत कुमार ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है. विभाग को सामग्री उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है. हालांकि अधीक्षण अभियंता ने निर्देश दिया है कि सामान आने का इंतजार किए बिना जरूरी कार्य तत्काल शुरू किए जाएं. सामान उपलब्ध करा दिया जायेगा. मेला क्षेत्र में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. विभाग ने निर्णय लिया है कि 11 केवी के खुले तारों को पूरी तरह कवर वायर में बदला जाएगा. जहां तार ढीले हैं, उन्हें टाइट किया जाएगा. झुके पोल को सीधा किया जाएगा और जर्जर लाइन को बदलने का काम भी होगा. अधिकारियों का कहना है कि आंधी-बारिश के दौरान भी बिजली व्यवस्था प्रभावित नहीं हो, इसके लिए अलग से सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है. जिस पर समय पूर्व काम करा दिया जायेगा. भागलपुर जिला सीमा तक कच्ची कांवरिया पथ को पूरी तरह रोशन करने की तैयारी चल रही है. विभागीय जानकारी के अनुसार पथ पर पहले से मौजूद 17 ट्रांसफार्मरों के अलावा लखनपुर और नोनसर के पास अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे. 63 केवी क्षमता वाले ट्रांसफार्मर को 100 केवी में अपग्रेड किया जाएगा, जबकि पांच ट्रांसफार्मरों की क्षमता 100 से बढ़ाकर 200 केवी की जाएगी. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ कहा कि इस बार श्रावणी मेला में “नो ब्लैकआउट प्लान” पर काम होगा और बिजली आपूर्ति को हर हाल में सुरक्षित व निर्बाध रखा जाएगा. अधिकारियों ने गंगा घाट, मेला क्षेत्र, शहर, कच्ची कांवरिया पथ और विद्युत पोल-तारों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए कई आवश्यक निर्देश जारी किए. शहरी जेई अरविंद कुमार ने बताया कि इस बार मेला क्षेत्र में कहीं भी नंगा तार नहीं रहेगा और पूरे शहर में बिजली आपूर्ति को लेकर विशेष मॉनिटरिंग होगी. मेंटेनेंस कार्य के दौरान कुछ घंटों की बिजली कटौती हो सकती है, जिसकी पूर्व सूचना लोगों को दी जाएगी. उन्होंने बताया कि अतिरिक्त ट्रांसफार्मर भी रिजर्व में रखे जाएंगे ताकि किसी भी खराबी की स्थिति में तुरंत आपूर्ति बहाल की जा सके.

मुख्यमंत्री से लेकर ऊर्जा सचिव तक की रहेगी नजर

विगत दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी श्रावणी मेला की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा है कि कांवरियों की सुविधा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए. वही बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के ऊर्जा सचिव सह प्रबंध निदेशक अजय यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को मेला के दौरान निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. बिजली विभाग का दावा है कि अगले डेढ़ महीने में गंगा घाट से लेकर कांवरिया पथ तक बिजली व्यवस्था की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी. मेला क्षेत्र में अतिरिक्त रोशनी, सुरक्षित लाइन, हाई क्षमता ट्रांसफार्मर और 24 घंटे बिजली आपूर्ति की व्यवस्था के साथ इस बार का श्रावणी मेला पहले से अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने की तैयारी की जा रही है. ग्रामीण जेई मंजय कुमार ने बताया कि भागलपुर जिला सीमा तक पूरे कच्ची कांवरिया पथ को रोशन रखने की तैयारी की जा रही है. जहां तार चोरी हो चुके हैं वहां नए तार लगाए जाएंगे और अतिरिक्त पोल भी खड़े किए जाएंगे. मेला के दौरान 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी.

विज्ञापन
MD. TAZIM

लेखक के बारे में

By MD. TAZIM

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन