Bhagalpur news ज्वेलरी दुकान से सात लाख रुपये के स्वर्ण आभूषणों की चोरी

ज्वेलरी दुकान में बेखौफ अपराधियों ने मंगलवार की देर रात दुकान का फाटक तोड़ तकरीबन सात लाख के आभूषणों की चोरी की है.
खरीक थाना के पीछे महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित ज्वेलरी दुकान में बेखौफ अपराधियों ने मंगलवार की देर रात दुकान का फाटक तोड़ तकरीबन सात लाख के आभूषणों की चोरी की है. बीते साल सचिन ज्वेलर्स से सात करोड़ रुपये के स्वर्ण-डायमंड आभूषणों की भीषण चोरी के बाद सोनू ज्वेलर्स से लाखों की ज्वेलरी की चोरी की घटना से अभी स्वर्ण व्यवसायी उबर भी नहीं सके कि बीती रात बेखौफ अपराधियों ने खरीक थाना के पीछे महज 50 मीटर की दूरी पर तन्नू ज्वेलर्स में लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दे स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा और विधि व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. पूरा घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गया है. पीड़ित दुकानदार बिहपुर के झंडापुर के संतोष साह ने खरीक थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी ने बताया कि मैं रोज की तरह मंगलवार की शाम करीब 06:30 बजे दुकान बंद कर घर चला गया. बुधवार की सुबह करीब 05:30 बजे जगा तो मैं अपनी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा को अपने मोबाइल से देखा, तो घटना का पता चला. मैं दुकान पर आया, तो देखा कि दुकान का ताला टूटा है व दुकान के काउंटर में रखे दो किलो चांदी, 20 ग्राम सोना के आभूषण कीमत तकरीबन सात लाख से अधिक समेत अन्य सभी गहना-जेबर गायब है. पूरी ज्वेलरी दुकान का सामान बेखौफ अपराधियों ने खाली कर दिया. चोरी की घटना से बाजार में दहशत का माहौल है. लोग खरीक पुलिस की कार्य शैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं. थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दियारा में वज्रपात से युवक की मौत
काॅलेज टोला नारायणपुर के ओमप्रकाश यादव उर्फ डोमी यादव का सबसे छोटा पुत्र जितेंद्र कुमार उर्फ दीना (27) का गंगा दियारा स्थित अकहबा बहियार में बुधवार को करीब चार – पांच बजे वज्रपात से घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. ग्रामीणों के अनुसार बुधवार की दोपहर करीब एक बजे वह अपने भाई गुंजन के साथ गंगा दियारा भूसा लाने गये थे. बारिश होने पर वह छिपने जा रहा था, इसी दौरान वज्रपात से उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में कोहराम मच गया. मां मीरा देवी, पिता डोमी यादव, भाई नीतीश, गुंजन समेत परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है. युवक काफी सरल व सौम्य स्वभाव का था. थानाध्यक्ष शुंभ कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया में कराने की प्रक्रिया की जा रही है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




