Bhagalpur News. बेली ब्रिज का निर्माण तेज, आज से गार्डर बिछाने का शुरू होगा काम

बेली ब्रिज निर्माण कार्य ने पकड़ी गति.
विक्रमशिला सेतु, बीआरओ ने पुल पर बनाया कैंप, 49 मीटर लंबा व 5 मीटर चौड़ा बनेगा ब्रिज
विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर बेली ब्रिज निर्माण का कार्य अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम ने शुक्रवार को पुल पर ही अस्थायी कैंप स्थापित कर लिया, ताकि दिन-रात निर्माण कार्य जारी रखा जा सके.बीआरओ द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्से पर करीब 49 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा बेली ब्रिज तैयार किया जा रहा है. निर्माण कार्य को गति देने के लिए आवश्यक मशीनरी और उपकरण लगातार पुल पर पहुंचाये जा रहे हैं. शुक्रवार शाम तक ब्रिज निर्माण से जुड़ा अधिकांश सामान मौके पर पहुंच गया, जिसे क्रेन की सहायता से उतारा गया.
इधर नवगछिया की ओर क्षतिग्रस्त हिस्से के पास सड़क हटाने का कार्य भी जारी रहा. जेसीबी मशीनों की मदद से अलकतरा युक्त सड़क को काटकर हटाया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आये. बीआरओ अधिकारियों के अनुसार शनिवार से पुल पर गार्डर बिछाने का काम शुरू किया जायेगा. इसके बाद बेली ब्रिज के ढांचे को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज होगी. मालूम हो कि तीन मई की देर रात विक्रमशिला सेतु का लगभग 34 मीटर हिस्सा गंगा नदी में गिर गया है. घटना के बाद से पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद है. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुल के दोनों छोर पर पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










