श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में: घाटों पर बैरिकेडिंग और कांवरिया पथ पर बालू बिछाने का काम तेज, 3D पेंटिंग से सजेगा सुलतानगंज

कांवरिया पथ पर बालू बिछाते हुए
Shravani Mela 2026: सुलतानगंज में श्रावणी मेले की तैयारियां ज़ोरों पर हैं. जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों के बाद नमामि गंगे घाटों की रंगाई-पुताई और मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है. कांवरिया पथ पर उजला बालू बिछाया जा रहा है.
Shravani Mela 2026: जिलाधिकारी (DM) के कड़े निर्देश के बाद सुलतानगंज के नमामि गंगे घाट, सीढ़ी घाट और ऐतिहासिक अजगैवीनाथ मंदिर घाट पर रंग-रोगन और मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है. गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए श्रद्धालुओं के सुरक्षित स्नान के लिए घाटों पर मजबूत बांस की बैरिकेडिंग की जा रही है. इसके साथ ही गहरे पानी की तरफ जाने से रोकने के लिए सुरक्षा जाली और मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए बालू से भरे जियो बैग लगाए जा रहे हैं.
कच्चे कांवरिया पथ पर उजला बालू और जर्मन हैंगर की व्यवस्था
सुलतानगंज से देवघर की ओर जाने वाले कच्चे कांवरिया पथ पर नंगे पैर चलने वाले कांवरियों की सहूलियत के लिए उजले बालू (गंगा बालू) को बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है. इसके अलावा, कांवरियों के विश्राम के लिए आधुनिक जर्मन हैंगर, वीआईपी मेहमानों के लिए स्विस कॉटेज, अस्थायी विश्राम गृह, चेंजिंग रूम और बड़ी संख्या में अस्थायी शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है. मेला क्षेत्र को नया और आकर्षक लुक देने के लिए इस बार दीवारों पर विशेष थ्रीडी (3D) पेंटिंग भी उकेरी जा रही है.
30 जुलाई को होगा भव्य उद्घाटन
मेला क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन और उद्घाटन समारोह के लिए मुख्य मंच का निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो चुका है. सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पर भी फुट ओवरब्रिज (FOB) के विस्तार और साफ-सफाई को अंतिम रूप दिया जा रहा है. प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि 30 जुलाई से शुरू होने वाले इस एक दिवसीय भव्य मेले के औपचारिक उद्घाटन से पहले सभी विभाग अपनी कागजी और जमीनी तैयारियां शत-प्रतिशत पूरी कर लेंगे.
पुलिस बल के आवासन स्थलों का हुआ सघन निरीक्षण
मेले के दौरान देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को चाक-चौबंद रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और होमगार्ड के जवानों की तैनाती की जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था संभालने आ रहे इन पुलिस अधिकारियों और जवानों के ठहराव (आवासन) के लिए बुधवार को आलाधिकारियों ने सुलतानगंज के विभिन्न सरकारी विद्यालयों और चिन्हित भवनों का सघन निरीक्षण किया.
Shravani Mela 2026: पेयजल, बिजली और साफ-सफाई के दिए निर्देश
निरीक्षण की कमान डीएसपी (विधि-व्यवस्था) नवनीत कुमार, बीडीओ संजीव कुमार और सुलतानगंज थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने संयुक्त रूप से संभाली. अधिकारियों की टीम ने चिन्हित किए गए बैरकों और आवासन स्थलों में शुद्ध पेयजल, बिजली आपूर्ति, पंखे, पर्याप्त शौचालय और मुकम्मल साफ-सफाई की व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की. डीएसपी ने संबंधित भवन प्रभारियों को समय रहते सभी कमियों को दूर करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि मेला अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी और बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से संचालित हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










