भागलपुर में इंटर्नशिप फीस को लेकर भड़के छात्र, ABVP ने कॉलेज बंद कर शुरू किया आंदोलन

Updated:
विज्ञापन
भागलपुर में इंटर्नशिप फीस को लेकर भड़के छात्र, ABVP ने कॉलेज बंद कर शुरू किया आंदोलन

Bhagalpur University News : तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में इंटर्नशिप के नाम पर वसूली जा रही फीस को लेकर छात्र संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा है. एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेजों में पहुंचकर कक्षाएं बंद कराईं और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

विज्ञापन

भागलपुर से दीपक राव की रिपोर्ट : भागलपुर में इंटर्नशिप फीस को लेकर छात्र राजनीति गरमा गयी है. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्र-छात्राओं से अवैध फीस वसूली का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. आंदोलन की शुरुआत सुंदरवती महिला कॉलेज से हुई, जहां छात्र नेताओं ने कक्षाओं में जाकर छात्राओं को आंदोलन में शामिल होने की अपील की.

इंटर्नशिप के नाम पर हो रही अवैध वसूली का आरोप

एबीवीपी नेताओं का आरोप है कि तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय अंतर्गत विभिन्न कॉलेजों में इंटर्नशिप के नाम पर 510 रुपये से लेकर 950 रुपये तक वसूले जा रहे हैं. छात्र नेताओं का कहना है कि यह पूरी तरह अवैध है और इससे छात्र-छात्राओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. प्रदेश सह मंत्री कुणाल पांडेय, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हैप्पी आनंद और मुक्ता ने कहा कि इंटर्नशिप पहले से ही शैक्षणिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इसकी फीस नामांकन के दौरान शामिल रहती है. इसके बावजूद अलग-अलग कॉलेजों में अलग-अलग शुल्क लिया जाना गंभीर सवाल खड़े करता है.

छात्र नेताओं ने कक्षाओं में जाकर समझाया मुद्दा

एबीवीपी कार्यकर्ता सुंदरवती महिला कॉलेज की कक्षाओं में पहुंचे और छात्राओं को इंटर्नशिप फीस से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी. छात्र नेताओं ने कहा कि यह छात्रों के हित का मामला है और सभी को इसके विरोध में आगे आना चाहिए. कुणाल पांडेय, हैप्पी, मुक्ता, अपराजिता, निधि, साक्षी, प्रिया और रितिका समेत अन्य छात्र नेताओं ने छात्राओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की. इसके बाद बड़ी संख्या में छात्राएं कक्षाओं से बाहर निकल आईं.

छात्र संघ ने कई कॉलेजों में किया विरोध-प्रदर्शन

सुंदरवती महिला कॉलेज के बाद छात्र नेताओं की टोली एसएम कॉलेज, बीएन कॉलेज, टीएनबी कॉलेज, मारवाड़ी कॉलेज होते हुए विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन तक पहुंची. इस दौरान विभिन्न कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों को भी प्रभावित किया गया. विरोध प्रदर्शन में जिला संयोजक सूर्य प्रताप, किशन सोनी, ऋषि, हर्ष, राजा यादव, अमन रॉय, निधि प्रिया, शिवम तिवारी, शिव सागर लक्ष्मण, सूरज, पीयूष द्विवेदी, वैभव, हिमांशु और आशीष समेत कई छात्र कार्यकर्ता शामिल रहे.

“नि:शुल्क इंटर्नशिप लागू करे विश्वविद्यालय”

एबीवीपी नेताओं ने मांग की कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रहित को देखते हुए इंटर्नशिप को पूरी तरह नि:शुल्क करे. साथ ही विभिन्न कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर छात्रों के लिए मुफ्त इंटर्नशिप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो विद्यार्थी परिषद चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन