PM Modi आज करेंगे शिवनारायणपुर अमृत भारत स्टेशन का उद्घाटन, 17.94 करोड़ से बदली स्टेशन की तस्वीर

शिवनारायणपुर अमृत भारत स्टेशन
Shivnarayanpur Amrit Bharat Station: भागलपुर के शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन करेंगे. ₹17.94 करोड़ की लागत से पुनर्विकसित यह स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से लैस है. इस आधुनिकीकरण से स्थानीय लोगों को बेहतर यात्रा अनुभव के साथ-साथ क्षेत्र के विकास की नई उम्मीद जगी है.
भागलपुर से रिपोर्ट
Shivnarayanpur Amrit Bharat Station: भागलपुर जिले के कहलगांव अनुमंडल स्थित शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन आज एक नए दौर में प्रवेश करने जा रहा है. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 17.94 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित इस स्टेशन का उद्घाटन शुक्रवार को अपराह्न 3.30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे.
रेलवे के अनुसार शिवनारायणपुर स्टेशन को वर्ष 2023 में शुरू हुई अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित 508 रेलवे स्टेशनों में शामिल किया गया था. अब पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद यह स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस हो गया है.
दो साल में पूरी तरह बदल गया स्टेशन का स्वरूप
कुछ समय पहले तक शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए सुविधाएं बेहद सीमित थीं. यहां केवल एक टिकट काउंटर और टीन का शेड था, जहां यात्रियों को गर्मी, बारिश और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता था.
पुनर्विकास के बाद स्टेशन पर नया भवन बनाया गया है. विस्तारित कॉन्कोर्स विकसित किया गया है. यात्रियों की सुविधा के लिए दो आधुनिक लिफ्ट लगाई गई हैं. रिजर्व लाउंज, उन्नत टिकट बुकिंग काउंटर और दिव्यांग यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं.
रेलवे का कहना है कि इन सुविधाओं से स्टेशन पर यात्रा का अनुभव पहले की तुलना में काफी बेहतर होगा.
Shivnarayanpur Amrit Bharat Station: उद्घाटन समारोह की तैयारियां पूरी
मालदा रेल मंडल ने उद्घाटन समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. प्लेटफॉर्म संख्या एक पर भव्य मंच बनाया गया है.
समारोह में वीआईपी अतिथियों, पत्रकारों और आमंत्रित लोगों सहित 800 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा.
कार्यक्रम में मालदा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक अमरेंद्र कुमार मौर्य, सांसद, विधायक और कई अन्य जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य लोग शामिल होंगे.
सुरक्षा और प्रसारण के विशेष इंतजाम
कार्यक्रम को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की है. पूरे स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है.
प्रधानमंत्री के संबोधन और उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए चार एलईडी स्क्रीन और एक बड़ी वीडियो वॉल लगाई गई है, ताकि कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग इसे आसानी से देख सकें.
स्टेशन के विकास से स्थानीय लोगों को क्या मिलेगा फायदा
स्थानीय लोगों का मानना है कि स्टेशन के आधुनिकीकरण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.
जदयू नेता राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि बेहतर रेलवे सुविधाओं का लाभ छात्रों, किसानों और व्यापारियों को मिलेगा. वहीं उद्यमी पवन कुमार पांडेय का कहना है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के कारण स्टेशन क्षेत्र का समग्र विकास हुआ है.
स्थानीय मुखिया मंतोष कुमार ने भी रेलवे द्वारा किए गए विकास कार्यों पर संतोष जताया और कहा कि इससे आने वाले समय में क्षेत्र की पहचान और मजबूत होगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
Shivnarayanpur Amrit Bharat Station: अब लोगों की नई मांग भी सामने आई
हालांकि स्टेशन के पुनर्विकास से लोग खुश हैं, लेकिन उनकी कुछ नई अपेक्षाएं भी हैं.
स्थानीय लोगों की मांग है कि शिवनारायणपुर स्टेशन पर गुजरने वाली सभी महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए. साथ ही यात्रियों की सुरक्षा, पार्किंग, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं को भी और मजबूत बनाया जाए.
लोगों का मानना है कि यदि आधुनिक स्टेशन के साथ अधिक ट्रेनों का ठहराव भी मिल जाए तो इसका सीधा लाभ पूरे कहलगांव और आसपास के क्षेत्र को मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










