24 मई से कहलगांव में शुरू होगी कार्गो सेवा, अब जहाज से पार होंगे भारी वाहन

Updated:
विज्ञापन
24 मई से कहलगांव में शुरू होगी कार्गो सेवा, अब जहाज से पार होंगे भारी वाहन

Bhagalpur News : भागलपुर और आसपास के ट्रांसपोर्ट कारोबारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. 24 मई से कहलगांव घाट पर कार्गो और फेरी सेवा शुरू होने जा रही है, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही आसान हो जाएगी.

विज्ञापन

कहलगांव, भागलपुर से असद अशरफी की रिपोर्ट : भागलपुर जिले के कहलगांव घाट से भारी वाहनों के परिचालन के लिए जलमार्ग सेवा शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है. जिला प्रशासन की ओर से कार्गो एवं फेरी सेवा संचालन का जिम्मा सार्क शिपिंग कम्पनी को सौंपा गया है. घाट पर एप्रोच पथ निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है और कोलकाता से कम्पनी का जहाज भी कहलगांव पहुंच चुका है.

24 मई से सेवा शुरू करने की तैयारी

सार्क शिपिंग कम्पनी की ओर से कार्य देख रहे मो. अरसद रजा उर्फ जिया ने बताया कि 24 मई तक सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर सेवा शुरू करने की योजना है. जिला प्रशासन ने सुबह 5 बजे से रात 5 बजे तक जलमार्ग परिचालन की अनुमति दी है. उन्होंने बताया कि कहलगांव घाट से 800 एमटी से लेकर 2000 एमटी क्षमता वाले चार जहाजों के माध्यम से फेरी सेवा संचालित की जाएगी. इससे बड़े और भारी वाहनों को नदी पार कराने में सुविधा होगी.

भारी वाहनों के लिए तय हुआ किराया

जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न वाहनों के लिए किराया भी निर्धारित कर दिया गया है. 10 चक्का ट्रक के लिए 3800 रुपये, 12 चक्का ट्रक के लिए 4400 रुपये, 14 चक्का के लिए 4500 रुपये, 16 चक्का के लिए 4800 रुपये और 18 चक्का ट्रक के लिए 5000 रुपये शुल्क तय किया गया है. इसके अलावा चार चक्का पिकअप वैन के लिए 600 रुपये और जीप-कार के लिए 700 रुपये किराया निर्धारित किया गया है.

जाम से बचाने के लिए खास व्यवस्था

कम्पनी के प्रतिनिधि मो. अरसद रजा ने बताया कि घाट तक जाने वाली सड़क काफी संकरी है. ऐसे में ट्रैफिक जाम की समस्या से बचने के लिए एनएच-80 पर कम्पनी के कर्मियों की तैनाती की जाएगी. उन्होंने बताया कि वॉकी-टॉकी के जरिए संपर्क बनाकर वाहनों को क्रमवार घाट रोड में प्रवेश कराया जाएगा, ताकि यातायात बाधित न हो और परिचालन सुचारु तरीके से चलता रहे.

व्यापार और परिवहन को मिलेगा फायदा

स्थानीय लोगों और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों का मानना है कि कार्गो सेवा शुरू होने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. भारी वाहनों को लंबी दूरी का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी. कहलगांव घाट पर शुरू हो रही यह सेवा क्षेत्र के परिवहन नेटवर्क को नई गति देने वाली मानी जा रही है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन