मकंदपुर चौक पर रोज लग रहा घंटों जाम, लोग बोले- अब चाहिए फ्लाईओवर

Updated:
विज्ञापन
मकंदपुर चौक पर रोज लग रहा घंटों जाम, लोग बोले- अब चाहिए फ्लाईओवर

Bhagalpur News : सुबह घर से निकलते ही जाम और शाम को लौटते वक्त फिर वही परेशानी. एनएच-31 स्थित मकंदपुर चौक पर लगातार लगने वाले जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालात ऐसे हैं कि कुछ मिनट का सफर तय करने में घंटों लग रहे हैं.

विज्ञापन

गोपालपुर से विपिन ठाकुर की रिपोर्ट

Bhagalpur News : भागलपुर जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोसाईंगांव पंचायत के एनएच-31 स्थित मकंदपुर चौक पर जाम की समस्या दिन प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है. सुबह और शाम के समय यहां वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे आम लोगों, यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है.

एकमात्र मुख्य सड़क होने से बढ़ी परेशानी

मकंदपुर चौक गोपालपुर प्रखंड मुख्यालय, नवगछिया अनुमंडल मुख्यालय और नवगछिया बाजार को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क पर स्थित है. यह क्षेत्र का सबसे व्यस्त मार्ग माना जाता है, जिसके कारण दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही बनी रहती है.स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से दुकानें लगने और वाहनों के खड़े रहने से सड़क संकरी हो गई है. इसके कारण थोड़ी सी भी भीड़ बढ़ते ही जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.

भारी वाहनों से और बिगड़ती है स्थिति

ग्रामीणों के अनुसार कई बार भारी वाहन एक साथ चौक पर पहुंच जाते हैं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाता है. जाम के कारण राहगीरों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है. कई बार बाइक और ऑटो चालकों के बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है.लोगों का कहना है कि आए दिन यहां छोटे-बड़े सड़क हादसे भी होते रहते हैं. जाम में फंसकर मरीजों, स्कूली बच्चों और जरूरी काम से आने-जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है.

प्रशासन से की गई बड़ी मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मकंदपुर चौक पर नियमित पुलिस बल की तैनाती, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है.थाना क्षेत्र के लोगों ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री से मकंदपुर चौक पर ऊपरगामी पुल यानी फ्लाईओवर निर्माण कराने की मांग भी उठाई है. लोगों का मानना है कि फ्लाईओवर बनने से जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सकती है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन