विद्यालय की जर्जर दीवार गिरने से टला बड़ा हादसा
Author Manish kumar
Updated:
विज्ञापन

प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर पनसल्ला की दीवार शनिवार को भरभराकर गिर गयी. हालांकि उस वक्त वहां बच्चे मौजूद नहीं थे इससे एक बड़ा हादसा टल गया.
विज्ञापन
सुलतानगंज, भागलपुर से शुभंकर की
रेपोर्ट,
सुलतानगंज प्रखंड के कटहरा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-14 स्थित प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर पनसल्ला में शनिवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब विद्यालय के दक्षिणी हिस्से की चहारदीवारी अचानक भरभराकर गिर गई. घटना के समय विद्यालय परिसर में बच्चों की आवाजाही शुरू होने वाली थी. गनीमत रही कि दीवार गिरने के दौरान उसकी चपेट में कोई नहीं आया, अन्यथा गंभीर दुर्घटना हो सकती थी.बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से विद्यालय परिसर स्थित पेयजल स्टॉल की दीवार में बड़ी-बड़ी दरारें उभर आई थीं. स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रबंधन ने इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी दी थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. शुक्रवार को हुई बारिश के बाद दीवार की नींव और कमजोर हो गई तथा शनिवार सुबह पानी के दबाव के कारण चहारदीवारी ध्वस्त हो गई.विद्यालय की स्थिति पहले से ही बेहद जर्जर बनी हुई है. विद्यालय भवन के पिछले हिस्से में तालाब होने के कारण जमीन लगातार नमी की समस्या से प्रभावित है. इससे भवन की नींव कमजोर पड़ चुकी है.फर्श कई जगहों में धंसा, दीवारों में भी आईं दरारें
फर्श कई जगह धंस गया है और दीवारों में गहरी दरारें पड़ चुकी हैं. ग्रामीणों का कहना है कि भवन कभी भी बड़ा हादसा का कारण बन सकता है.विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक नंदकिशोर सिंह ने बताया कि भवन की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है. विद्यालय में केवल दो कमरे हैं, जिनमें से एक कमरा पूरी तरह जर्जर होने के कारण बंद कर दिया गया है. ऐसे में कक्षा एक से पांच तक के सभी बच्चों की पढ़ाई एक ही कमरे में कराई जा रही है. छह शिक्षक एक साथ एक कमरे में बच्चों को पढ़ाने को विवश हैं, जिससे शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं. घटना के बाद स्थानीय अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश है. पूर्व वार्ड सदस्य सोनू कुमार समेत ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर के समीप उपलब्ध नौ डिसमिल जमीन पर नए भवन के निर्माण की मांग की है. उनका कहना है कि अभिभावक हर दिन भय के माहौल में बच्चों को स्कूल भेजने को मजबूर हैं. यदि शीघ्र ही नया भवन नहीं बनाया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है.21 मार्च को बीडीओ ने किया था विद्यालय का निरीक्षण
गौरतलब है कि इसी वर्ष 21 मार्च को बीडीओ संजीव कुमार ने विद्यालय का निरीक्षण कर शिक्षा विभाग के जूनियर इंजीनियर को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया था. इसके बाद शिक्षा विभाग के जेई गौरी शंकर ने लगभग 19 लाख रुपये की लागत का प्राक्कलन तैयार किया, जिसमें बाउंड्री वॉल, सुरक्षा दीवार, मुख्य गेट निर्माण, मिट्टी भराई सहित कई आवश्यक कार्य शामिल हैं. बीडीओ संजीव कुमार ने बताया कि विद्यालय के जीर्णोद्धार एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों का प्राक्कलन तैयार कर जिला पदाधिकारी को भेज दिया गया है. स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल विद्यालय की जर्जर स्थिति बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई है और स्थानीय लोग जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










