भागलपुर में हीट वेव का कहर : मरीजों की बढ़ी संख्या, चक्कर खाकर गिर रहे लोग

लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव (लू) का असर अब आम लोगों की सेहत पर साफ दिखने लगा है.
भागलपुर से अतुल तिवारी की रिपोर्ट :
लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव (लू) का असर अब आम लोगों की सेहत पर साफ दिखने लगा है. तेज धूप और आसमान से बरसती आग के कारण अस्पतालों में हीट वेव से प्रभावित मरीजों की संख्या में लगातार भारी वृद्धि हो रही है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है.अस्पतालों में पहुंच रहे मरीज
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिनों में से एक रहा और इसी दिन अस्पतालों में हीट वेव से पीड़ित मरीजों की सबसे अधिक संख्या दर्ज की गयी. बांका से भागलपुर परीक्षा देने पहुंची एक छात्रा तेज गर्मी के कारण परीक्षा के दौरान ही केंद्र पर बेहोश हो गयी. परिजनों ने आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया. मायागंज अस्पताल में भी हीट वेव के मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी है.डॉक्टरों ने बताये लक्षण और बरतने को कहा एहतियात
डॉ विनय कुमार झा के अनुसार, तेज धूप में अधिक देर तक रहने, शरीर में पानी की कमी (डीहाइड्रेशन) और अत्यधिक गर्म वातावरण के कारण लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है. इसके मुख्य लक्षणों में चक्कर आना और सिर दर्द होना, शरीर में अत्यधिक कमजोरी और उल्टी होना, तेज बुखार आना या अचानक बेहोश हो जाना शामिल है. सरकारी और निजी दोनों ही प्रकार के अस्पतालों में फिलहाल ऐसे मरीजों का तांता लगा हुआ है.
स्वास्थ्य विभाग और डॉक्टरों की सलाह
लगातार बढ़ रही इस जानलेवा गर्मी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें. पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और ओआरएस, नीबू-पानी या अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें. भोजन हमेशा हल्का और सुपाच्य ही करें. यदि मजबूरी में बाहर निकलना भी पड़े, तो सिर और चेहरे को सूती कपड़े या छाते से ढककर निकलें. शरीर में हीट वेव का कोई भी लक्षण दिखने पर घरेलू नुस्खों के भरोसे न रहें, तुरंत नजदीकी डॉक्टर से सलाह लें.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजीव झा
संजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










