गंगा-कोसी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी, तटबंधों तक पहुंचा पानी, लेकिन फिलहाल खतरे की स्थिति नहीं

गोपालपुर स्पर संख्या छह के निकट गंगा नदी का जलस्तर. | Prabhat Khabar Network
Bhagalpur Flood Update : भागलपुर में गंगा और कोसी नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है. इस्माईलपुर और राघोपुर में जलस्तर बढ़ने से तटबंधों के पायदान तक पानी पहुंच गया है. हालांकि, जल संसाधन विभाग ने तटबंधों को सुरक्षित बताया है.
Bhagalpur Flood Update : रविवार सुबह 6 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार इस्माईलपुर-बिंदटोली (स्पर-07) में गंगा का जलस्तर 29.38 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 8 सेंटीमीटर बढ़ा है. यहां नदी का पानी तटबंध के पाये (टो) तक पहुंच गया है. हालांकि जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है. इस स्थान पर चेतावनी स्तर 30.60 मीटर और खतरे का स्तर 31.60 मीटर निर्धारित है.
राघोपुर में 12 सेंटीमीटर बढ़ा जलस्तर
राघोपुर (सब डिवीजन-02) में गंगा का जलस्तर 12 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी के साथ 30.37 मीटर दर्ज किया गया. काजी कोरैया-राघोपुर मार्जिनल तटबंध के पाये तक नदी का पानी पहुंच चुका है. इसके बावजूद विभाग ने तटबंध को पूरी तरह सुरक्षित बताया है और कहा है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. यहां चेतावनी स्तर 32.68 मीटर और खतरे का स्तर 33.68 मीटर है.
मदरौनी में जलस्तर स्थिर, चोरहर में घटी कोसी
मदरौनी में गंगा का जलस्तर 29.35 मीटर पर स्थिर बना हुआ है. यहां नदी का पानी अभी तटबंध के पाये तक नहीं पहुंचा है और विभाग के अनुसार स्थिति सामान्य बनी हुई है. दूसरी ओर चोरहर में कोसी नदी का जलस्तर 5 सेंटीमीटर घटकर 30.40 मीटर दर्ज किया गया है. हालांकि बगजान जमींदारी तटबंध के कुछ हिस्सों तक नदी का पानी पहुंचा हुआ है, लेकिन तटबंध पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है. यहां चेतावनी स्तर 30.77 मीटर और खतरे का स्तर 31.77 मीटर निर्धारित है.
जल संसाधन विभाग अलर्ट मोड में
जल संसाधन विभाग ने बताया कि गंगा और कोसी नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है. तटबंधों की नियमित निगरानी की जा रही है और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए विभागीय टीमें सतर्क हैं. फिलहाल किसी भी स्थान पर खतरे जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











