Bhagalpur news चंडी पाठ पूर्णाहुति से गंगा ब्रिज निर्माण में तेजी की उम्मीद

पुल निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने और कार्य में तेजी लाने की कामना से यह विशेष अनुष्ठान कराया गया.
सुलतानगंज-अगुवानी निर्माणाधीन गंगा ब्रिज की धीमी प्रगति के बीच निर्माण एजेंसी ने तकनीक के साथ आस्था का सहारा भी जोड़ा है. पांच दिवसीय चंडी पाठ का गुरुवार को विधि-विधान से हवन एवं पूर्णाहुति कर समापन कर दिया गया. पुल निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने और कार्य में तेजी लाने की कामना से यह विशेष अनुष्ठान कराया गया. पाया संख्या-6 पर पूजा संपन्न करायी गयी. बताया कि कोढ़ा की बलि दी गयी. पूरे अनुष्ठान के दौरान निर्माण स्थल पर भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा. धार्मिक आयोजन में नवग्रह पूजा, भगवान विश्वकर्मा की आराधना तथा वास्तु दोष निवारण की पूजा हुई. प्रोजेक्ट मैनेजर रविशंकर सिंह ने बताया कि बनारस से आये विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चंडी पाठ कराया गया. अंतिम दिन हवन और पूर्णाहुति के साथ अनुष्ठान का समापन हुआ. उन्होंने उम्मीद जतायी कि इस धार्मिक आयोजन से निर्माण कार्य में आ रही बाधाएं दूर होंगी और परियोजना को गति मिलेगी. मौके पर कंपनी के एमडी प्रवीण राठौर, प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ संजय कुमार, सेफ्टी इंचार्ज श्रीतम तिवारी, लॉन्चिंग इंचार्ज अनिमेष कुमार, प्रोजेक्ट इंजीनियर विमल कुमार, कौशलेंद्र कुमार, सीनियर मैनेजर सकलदेव मांझी सहित कई अधिकारी व कर्मी मौजूद थे.
प्रखंड परिसर व मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाया, जेसीबी से चली कार्रवाई
सुलतानगंज प्रखंड परिसर समेत नगर के विभिन्न स्थानों पर गुरुवार को नप प्रशासन ने अभियान चला कर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया. जेसीबी से उतरी टीम ने अधिकारियों की मौजूदगी में अवैध रूप से कब्जा किये स्थलों को खाली कराया. कार्रवाई से पूर्व ध्वनि विस्तारक यंत्र से अतिक्रमणकारियों को हटने की चेतावनी दी गयी थी. इसके बावजूद नहीं हटने पर जेसीबी से अवैध दुकानों और निर्माण को हटाया गया. प्रखंड परिसर में खुले अनाधिकृत दुकानों को हटाने के साथ ही प्रखंड गेट से चौक बाजार होते कृष्णानंद स्टेडियम मोड़ तक नाले पर बने अतिक्रमण को हटाया गया. वार्ड 25 में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गयी. अभियान के दौरान दंडाधिकारी माधवेन्द्र कुमार, सुलतानगंज थाना के पदाधिकारी, नगर परिषद सिटी मैनेजर रविश चंद्र वर्मा, स्वच्छता पदाधिकारी अमित कुमार भगत, टैक्स दारोगा गोपाल झा सहित पुलिस बल तैनात रही, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जायेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




