Bhagalpur news अपराध गोष्ठी में लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन पर जोर

नवगछिया एसपी नवगछिया राजेश कुमार की अध्यक्षता में पुलिस केंद्र नवगछिया में मार्च की मासिक अपराध गोष्ठी हुई.
नवगछिया एसपी नवगछिया राजेश कुमार की अध्यक्षता में पुलिस केंद्र नवगछिया में मार्च की मासिक अपराध गोष्ठी हुई. बैठक में एसडीपीओ ओमप्रकाश, मुख्यालय डीएसपी मनोज सुमन, ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार, लाइन डीएसपी नगीना पासवान, अंचल निरीक्षक श्याम नंदन यादव, बिहपुर अंचल निरीक्षक महेश कुमार सहित सभी थानाध्यक्ष व शाखा प्रभारी उपस्थित रहे. गोष्ठी में विभिन्न थानों में दर्ज कांडों, वारंट, कुर्की, डोजियर, बेल रद्दीकरण व भूमि विवाद से जुड़े मामलों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गयी. एसपी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. बैठक में बीएनएसएस की धारा-126 व सीसीए-03 के तहत की गयी कार्रवाई, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी, राजसात व विनष्टीकरण प्रस्ताव तथा जब्त शराब, स्मैक, गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों के निस्तारण की प्रगति पर चर्चा हुई. एसपी ने शराब तस्करी, मादक पदार्थों व अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. कांडों में जब्त प्रदर्शों को विधि-विज्ञान प्रयोगशाला भेजने, ई-साक्ष्य अपलोड करने, आइआरएडी/ ईडीएआर में प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा थानावार कांडों की स्थिति की समीक्षा की गयी. मालखाना की अद्यतन स्थिति व उसके प्रभार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. गंभीर अपराध जैसे हत्या, लूट, गृहभेदन, पॉक्सो, दुष्कर्म एवं एससी/एसटी से संबंधित मामलों की गहन समीक्षा कर एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया. दियारा क्षेत्र में फसल कटाई के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, 300 दिनों से अधिक लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निबटाने तथा सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिये. एसपी ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था बनाये रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी और सभी पदाधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करें.
रेलवे स्टेशन से 18 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
नवगछिया कटिहार–बरौनी रेलखंड के नवगछिया रेलवे स्टेशन पर नवगछिया जीआरपी पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है. चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म स्थित शौचालय के पास एक लावारिस झोला बरामद किया. पुलिस ने झोले की तलाशी ली, तो उसमें से 750 एमएल की कुल 24 बोतल यानी लगभग 18 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई. झोला काफी संदिग्ध अवस्था में रखा था, जिस पर किसी यात्री ने दावा नहीं किया. जीआरपी ने शराब को जब्त कर लिया. नवगछिया रेल थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब किसकी थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपित की पहचान की जा सके. लगातार चल रहे चेकिंग अभियान से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




