मुंगेर कोर्ट से रिटायर पेशकार का शव घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में मिला, पहुंची पुलिस

Updated at : 24 Jan 2025 11:19 PM (IST)
विज्ञापन
मुंगेर कोर्ट से रिटायर पेशकार का शव घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में मिला, पहुंची पुलिस

मुंगेर कोर्ट से रिटायर पेशकार का शव घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में मिला, पहुंची पुलिस

विज्ञापन

परिजन व पुलिस मामले को लेकर कुछ भी बताने से करते रहे इंकार, गले पर निशान मिलने की आशंका – गले पर मिला है निशान, हत्या किये जाने की आशंका पर भी पुलिस कर रही जांच

– परिजनों ने दूसरे शहरों में नौकरी कर रहे बच्चों के लौटने के बाद किसी प्रकार का बयान देने की कही बात

– पत्नी पहले शव का पोस्टमार्टम कराने से भी मुकरी, शनिवार को बच्चों के पहुंचने पर फैसला लेने की बात कही

तिलकामांझी थाना के बड़ी पोस्ट ऑफिस के समीप मुंदीचक सुंदर लाल लेन स्थित एक मकान में मुंगेर कोर्ट से रिटायर पेशकार शव संदिग्ध परिस्थिति में मिला. देर शाम बेगूसराय से लौटकर घर पहुंची पत्नी ने इसकी जानकारी डायल 112 को दी. इस बात की सूचना मिलने के बाद तिलकामांझी थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. एसपी सिटी और सिटी डीएसपी ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच की. इधर घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया था. मामले को लेकर न तो परिजन कुछ भी स्पष्ट रूप से बताने को तैयार हैं और न ही पुलिस मामले को लेकर कोई ठोंस बयान दे रही है. मामले को अभी संदिग्ध माना जा रहा है. पोस्टमार्टम कराये जाने और उसकी रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लगने की बात कही गयी.

मिली जानकारी के अनुसार मृतक मुंगेर जिला व्यवहार न्यायालय स्थित जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड से रिटायर पेशकार संजय शेखर (63) हैं. सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने बताया कि घटना दोपहर या उसके बाद का प्रतीत हो रही है. शुक्रवार को मृतक की शिक्षिका पत्नी बेगूसराय में किसी समारोह में हिस्सा लेने के लिए गयी थी. जहां से दोपहर के वक्त जब उन्होंने अपने पति को फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया. इस पर उन्होंने अपने रेंटर को फोन कर पति के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया. पर वहां से भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी. इधर पत्नी भी बेगूसराय से भागलपुर के लिए निकली. तब तक शाम करीब पांच से छह के बीच मृतक के साला घर पहुंचे. जहां उन्होंने संजय शेखर का शव कमरे में गिरा हुआ पाया. इधर पत्नी भी पहुंची. जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी. सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं. गले में मिला दाग का निशान मफलर का भी हो सकता है. परिजनों ने बताया है कि संजय शेखर मधुमेह के रोग से ग्रसित थे. और कुछ दिनों से काफी बीमार भी थे. मृत्यु के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मिलने की बात बतायी. फिलहाल मौत के कारणों को संदिग्ध बताया गया.

घर का कोई भी सामान नहीं था अस्त व्यस्त

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस के द्वारा बताया गया कि मौत संदिग्ध परिस्थिति में हुई है. परिजन भी मामले को लेकर कुछ नहीं बता रहे हैं. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है. जिसमें घर का कोई भी सामान अस्त व्यस्त नहीं पाया गया है. और न ही घर से कोई सामान के गायब होने की बात कही गयी. पर गले में मिले निशान की वजह से परिस्थिति संदिग्ध बन रही है. परिजनों ने पहले तो पोस्टमार्टम कराने की बात से भी साफ इंकार किया है. मामले में पुलिस ने इलाके में लगे कई सीसीटीवी फुटेज की जांच की है. जिसमें दोपहर के बाद से घर में प्रवेश करने और निकलने वालों को चिन्हित कर उनसे पूछताछ करने की बात कही गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन