26 जुलाई की BPSC परीक्षा में बड़ा बदलाव, केंद्र के बाहर होगा बायोमेट्रिक, लेट पहुंचे तो नहीं मिलेगी एंट्री

Updated:
विज्ञापन
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC)

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC)

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के लिए सख्त नियम लागू कर रहा है. इस बार परीक्षा केंद्र के बाहर ही अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन होगा और निर्धारित समय के बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा.

विज्ञापन

भागलपुर से रिपोर्ट

BPSC 72nd Prelims 2026: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा में इस बार आयोग ने परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए कई सख्त नियम लागू किए हैं. सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं, बल्कि प्रवेश द्वार के बाहर ही किया जाएगा. साथ ही तय समय के बाद पहुंचने वाले किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा.

26 जुलाई को होगी 72वीं प्रारंभिक परीक्षा

बिहार लोक सेवा आयोग की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 26 जुलाई 2026 को आयोजित होगी. परीक्षा को लेकर आयोग के अध्यक्ष ने शुक्रवार को सभी जिलाधिकारियों और वरीय पुलिस अधीक्षकों के साथ वर्चुअल बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की.

बैठक में बताया गया कि राज्यभर के 996 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 5.15 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. इतने बड़े स्तर पर होने वाली परीक्षा को देखते हुए सभी जिलों को सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.

BPSC 72nd Prelims 2026: इस बार केंद्र के बाहर होगा बायोमेट्रिक सत्यापन

आयोग ने परीक्षा प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है. इस बार अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार के बाहर ही कराया जाएगा.

इसका उद्देश्य प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाना और फर्जी अभ्यर्थियों की संभावना को पूरी तरह खत्म करना है. आयोग ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है ताकि बायोमेट्रिक और अन्य जांच समय पर पूरी हो सके.

देरी हुई तो नहीं मिलेगी परीक्षा केंद्र में एंट्री

बीपीएससी ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की जल्दबाजी से बचें और समय से काफी पहले केंद्र पर पहुंच जाएं.

हर अभ्यर्थी की होगी बहुस्तरीय जांच

परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन और बहुस्तरीय फ्रिस्किंग की जाएगी. इसके अलावा परीक्षा केंद्र परिसर में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.

बीपीएससी ने साफ कर दिया है कि परीक्षा में किसी भी तरह के कदाचार या गोपनीयता भंग करने के मामले में सख्त कार्रवाई होगी. यदि कोई अभ्यर्थी, परीक्षा कर्मी या अन्य व्यक्ति अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़ा जाता है या परीक्षा की गोपनीयता भंग करता है, तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी. इसके साथ ही आयोग के नियमों के तहत संबंधित व्यक्ति को भविष्य की बीपीएससी परीक्षाओं से डिबार भी किया जा सकता है.

जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को दिए गए विशेष निर्देश

आयोग के अध्यक्ष ने सभी जिलाधिकारियों और वरीय पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे परीक्षा के प्रत्येक चरण की व्यक्तिगत निगरानी करें. उन्होंने कहा कि 26 जुलाई को होने वाली परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी.

BPSC 72nd Prelims 2026: अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाह

चूंकि इस बार बायोमेट्रिक सत्यापन केंद्र के बाहर होगा और प्रवेश समय को लेकर कोई छूट नहीं दी जाएगी, इसलिए अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र और आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखने चाहिए. समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना इस बार पहले से ज्यादा महत्वपूर्ण होगा.

इसे भी पढ़ें: बिहार शिक्षक ट्रांसफर पॉलिसी लागू, इस तारीख से शुरू होगा आवेदन, तीन चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया

इसे भी पढ़ें:  लालू प्रसाद यादव की अचानक बिगड़ी तबीयत, जांच के लिए पटना के IGIMS ले जाया गया, कल जाएंगे दिल्ली



विज्ञापन
संजीव झा

लेखक के बारे में

By संजीव झा

संजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन