Bhagalpur news अज्ञात हाइवा के धक्कक से बाइक सवार युवक की मौत

नारायणपुर एनएच- 31 सत्संग भवन के पास शुक्रवार की दोपहर बाद करीब चार बजे अज्ञात हाइवा के धक्के से एक युवक की मौत हो गयी.
नारायणपुर एनएच- 31 सत्संग भवन के पास शुक्रवार की दोपहर बाद करीब चार बजे अज्ञात हाइवा के धक्के से एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के नगरपारा गांव के वार्ड चार के स्व योगेन्द्र पासवान उर्फ जोगी पासवान का सबसे छोटा पुत्र हिमांशु कुमार (16) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार युवक अपने ग्रामीण मित्र सूरज के साथ मधुरापुर बाजार से एक बोरी आलू के साथ बाइक पर सवार होकर वापस घर नगरपारा लौट रहा था. एनएच-31 सत्संग मंदिर नारायणपुर के पास बाइक अनियंत्रित हो गयी. खगड़िया से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने युवक को धक्का मार दिया. युवक की मौत हो गयी. घटना की जानकारी पर मां विनीता देवी, भाई गोविंद व सुमित सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है. मृतक तीन भाईयों में सबसे छोटा था. वह वर्ग 10 का छात्र था. सूचना पर भवानीपुर पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर घायल को लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया. थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया है. शव का पोस्टमार्टम अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया में करा कर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है.
आयुक्त ने की नवगछिया के राजस्व कार्यों की समीक्षा
प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में नवगछिया अनुमंडल के राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में अपर समाहर्त्ता, भागलपुर, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, नवगछिया, अंचल अधिकारी, बिहपुर, रंगराचौक, गोपालपुर, ईस्माईलपुर, खरीक, नारायणपुर, नवगछिया के अधिकारी उपस्थित थे. सभी सीओ को निर्देश दिया गया कि 75 दिनों से अधिक लंबित दाखिल-खारिज आवेदनों का यथाशीघ्र निष्पादित करना सुनिश्चित करें. सभी अंचलों में न्यायालय प्रणाली लागू कराने का निर्देश अपर समाहर्त्ता, भागलपुर को दिया गया. भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, नवगछिया को संबंधित सीओ के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक करने को कहा गया. प्रत्येक अंचल के 10-10 वादों के अभिलेख को रेंडमली जांच करें. सरकारी भूमि को पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि शतप्रतिशत अपलोड करे. नवगछिया अनुमंडल अन्तर्गत सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सरकारी कार्यालयों विभागों की भूमि का दाखिल खारिज करने का निर्देश सीओ को दिया गया. अभियान बसेरा-दो के अन्तर्गत सर्वेक्षण किये गये सुयोग्य व्यक्तियों को वास योग्य भूमि उपलब्ध कराये. सैरात की बंदोबस्ती के लिए हर संभव प्रयास करें. अपने-अपने राजस्व न्यायालय में सप्ताह में चार दिन सुनवाई करें. परिमार्जन प्लस पर लंबित आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में निष्पादित करने का निर्देश दिया गया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




