ePaper

बिहार में बड़े बेटे के श्राद्ध के अंतिम दिन मां ने तोड़ दिया दम, छोटे बेटे ने ही कर दी थी अपने भाई की हत्या

Updated at : 01 Aug 2025 9:45 PM (IST)
विज्ञापन
bhagalpur lady death

AI से बनाई गयी बुजुर्ग महिला की सांकेतिक तस्वीर

Bihar News: बिहार के भागलपुर जिले में बड़े बेटे के श्राद्ध के अंतिम दिन मां ने भी दम तोड़ दिया. मृतका के बड़े बेटे को उसके छोटे भाई ने ही मौत के घाट उतार दिया था. चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी थी.

विज्ञापन

Bihar News: भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र के कोहड़ा गांव में जमीन विवाद ने एक परिवार से उसकी खुशियां छीन ली. पहले तो छोटे भाई ने बड़े भाई की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. अब बेटे के श्राद्ध के अंतिम दिन मां ने भी बेटे के गम में दम तोड़ दिया. तीन बीघा जमीन के विवाद ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया.

बड़े बेटे की हत्या छोटे भाई ने की, श्राद्धकर्म के बाद मां ने तोड़ा दम

कोहड़ा गांव निवासी सुजीत कुमार की हत्या 12 दिन पहले उसके ही छोटे भाई सुमित कुमार ने कर दी थी. सुजीत की पत्नी अर्चना कुमारी के बयान पर पुलिस ने आरोपित सुमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इधर, बेटे की हत्या के बाद मां पूनम देवी (65) गम में डूबी थीं. गुरुवार की देर रात बेटे के श्राद्धकर्म के बाद पूनम देवी की भी मौत हो गयी.

ALSO READ: Bihar Flood: बिहार में यहां तेज रफ्तार से बढ़ रहा गंगा का पानी, फिर से मंडराने लगा बाढ़ का खतरा…

श्राद्ध के अंतिम दिन आंगन में गिरी मिली

मृतक सुजीत की पत्नी अर्चना कुमारी और परिवार की महिलाएं गंगा नदी से श्राद्धकर्म पूरा कर घर लौटी थीं. मृतका की बेटी ब्यूटी कुमारी ने बताया कि रात में सब लोग खाना खाकर सो गये थे. कुछ घंटे बाद अर्चना कुमारी की नींद अचानक खुली तो उन्होंने पूनम देवी को आंगन में बेसुध पड़ा पाया. शोर मचाने पर परिवार के अन्य लोग जुटे. आनन-फानन में पूनम देवी को मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत बता दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज भेज दिया. एक ही घर से कुछ ही दिन के अंतर पर मां-बेटे की दो अर्थियां गांव में उठी.

छोटा भाई जमीन बेचना चाह रहा था

इस पूरे घटनाक्रम की वजह तीन बीघा जमीन बतायी जा रही है. परिवार के अनुसार, छोटा भाई सुमित कोई कामकाज नहीं करता था. वह बाइपास के पास वाली जमीन को बेचना चाहता था. इस बात का बड़ा भाई सुजीत अक्सर विरोध करता था. इसी विवाद को लेकर दोनों भाइयों के बीच बीते छह माह से तनाव था. विवाद के दौरान छोटे भाई सुमित ने गुस्से में आकर बड़े भाई सुजीत पर चाकू से हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गयी थी.

जेल में बंद है बड़े भाई की हत्या का आरोपी छोटा भाई

घटना के बाद लोदीपुर पुलिस ने अपने भाई के हत्यारे सुमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. अब मां पूनम देवी की मौत ने परिवार की पीड़ा को और गहरा कर दिया है. वहीं बुजुर्ग महिला पूनम की मौत के बाद गांव में लोग तरह-तरह के सवाल कर रहे हैं. सुजीत की पत्नी अर्चना ने अपनी सास पूनम पर भी कई आरोप लगाये थे.

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन