भागलपुर नगर निगम की अहम बैठक से 19 पार्षद रहे गायब, जलापूर्ति योजना पर मचा हंगामा

Updated:
विज्ञापन

भागलपुर नगर निगम की सामान्य बोर्ड की बैठक

Bhagalpur News: भागलपुर नगर निगम की सबसे अहम सामान्य बोर्ड बैठक में 51 में से सिर्फ 32 पार्षदों की मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं बैठक में जलापूर्ति योजना, स्ट्रीट लाइट और कंबल वितरण जैसे मुद्दों पर जमकर चर्चा हुई. बुडको अधिकारियों को नगर आयुक्त की फटकार भी झेलनी पड़ी.

विज्ञापन

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट

Bhagalpur News: नगर निगम की सामान्य बोर्ड बैठक बुधवार को मेयर डॉ बसुंधरा लाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई. हालांकि बैठक की शुरुआत से पहले ही पार्षदों की कम उपस्थिति चर्चा का विषय बन गई. शहर के 51 वार्डों का प्रतिनिधित्व करने वाले पार्षदों में से केवल 32 पार्षद ही बैठक में शामिल हुए. इनमें भी तीन पार्षद बैठक आधी समाप्त होने के बाद पहुंचे.

बैठक सुबह 11.30 बजे शुरू होनी थी, लेकिन निर्धारित समय से करीब आधे घंटे की देरी से दोपहर 12 बजे इसका शुभारंभ हुआ. बैठक में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, कंबल वितरण और अन्य विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

जलापूर्ति योजना पर बुडको अधिकारियों की लगी क्लास

बैठक के दौरान जलापूर्ति योजना का मुद्दा सबसे अधिक गरमाया. मेयर और नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने बुडको अधिकारियों से योजना की प्रगति की जानकारी ली. इस दौरान कई पार्षदों ने अधिकारियों के जवाब पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है.

जब बुडको अधिकारियों ने वेंडर द्वारा काम नहीं किए जाने की बात कही तो नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो वेंडर काम नहीं कर रहे हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए. साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

यह भी पढे़ं: Muzaffarpur Accident News: SKMCH गेट नंबर-2 के पास तेज रफ्तार बाइक का कहर, ड्राइवर की मौके पर मौत

Bhagalpur News:कंबल वितरण और स्ट्रीट लाइट को लेकर भी हुआ फैसला

बैठक में पार्षदों ने ठंड के मौसम में गरीब और असहाय लोगों के बीच वितरित किए जाने वाले कंबलों की संख्या बढ़ाने की मांग की. अब प्रत्येक वार्ड में 100 की जगह 300 कंबल उपलब्ध कराने पर सहमति बनी. साथ ही यह भी तय किया गया कि कंबलों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में जुलाई माह से स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा और अगले तीन सप्ताह के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके अलावा बरारी श्मशान घाट में बन रहे नए शवदाह गृह को एक महीने के भीतर चालू करने का निर्देश भी दिया गया.

यह भी पढे़ं: Bihar NEET Scam: लखीसराय में पकड़े गए सॉल्वर गैंग का मुजफ्फरपुर लिंक, मेडिकल छात्र गिरफ्तार

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन